
Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह अयप्पा मंदिर के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका पाया गया. शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था. स्थानीय लोगों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान में जुट गई. मृतक की पहचान बिरसानगर जोन नंबर 6 गीतांजलि अपार्टमेंट के पास रहने वाले 45 वर्षीय रंजन जेना के रूप में की गई. शव की पहचान मृतक की बहन ऋतु जोसेफ ने पहनावे से की. इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जिस जगह शव बरामद किया गया है वह मृतक के घर से लगभग एक किमी की दूरी है है. मृतक रंजन जेना बिजली मिस्त्री का काम करता था.

जानकारी देते हुए बहन ऋतु ने बताया कि 2 सितंबर की सुबह रंजन काम से निकला था फिर वापस नहीं आया. आस पास काफी खोजबीन की पर कोई जानकारी नहीं मिली. उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी. आज पुलिस ने ही बताया कि एक शव बरामद किया गया है. ऋतु ने बताया कि शव के पहनावे से प्रतीत होता है कि शव उनके भाई का है. रंजन को हाई ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारी थी. ब्लड प्रेशर हाई होने पर उनका मानसिक संतुलन बिगड़ जाता था. संभवतः इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है.




