JharkhandLead NewsRanchiTOP SLIDER

झारखंड के असेंबली इलेक्शन में ‘मामा’ और सरमा का चलेगा मैजिक!

Amit Jha

Ranchi : बस चार महीने और. इसके बाद झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज जायेगा. साल के आखिर तक नयी सरकार का गठन हो जायेगा. यह चुनाव सत्तारूढ़ झामुमो- कांग्रेस के लिए तो महत्वपूर्ण है ही, विपक्षी दल भाजपा के लिए भी अग्नि परीक्षा से कम नहीं. यही वजह भी है कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भाजपा ने झारखंड का चुनाव प्रभारी बनाया है. उनके संग असम के सीएम हेमंत विश्व सरमा को भी सहयोगी की भूमिका दी है. दोनों को चुनाव प्रभारी बना कर भाजपा ने अपना इरादा जाहिर करते हुए संदेश दे दिया है. विधानसभा चुनाव से करीब 5 माह पूर्व प्रभारी की नियुक्ति किये जाने से दोनों प्रभारियों को झारखंड की जमीनी हकीकत समझने के लिए खूब समय भी मिलेगा. दोनों दिग्गज नेता अपने-अपने काम और व्यवहार को लेकर  राष्ट्रीय स्तर पर जाने जाते हैं. दोनों अलग-अलग स्वभाव के नेता हैं, काफी अनुभवी भी हैं. मध्य प्रदेश में वर्तमान लोकसभा चुनाव से लेकर दो दशकों से भी अधिक समय तक कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखने में ‘मामा’ शिवराज का जादू दिखता रहा है. असम के सीएम सरमा भी अपने राज्य ही नहीं, देशभर में खास छवि रखते रहे हैं. अब दोनों का सियासी ‘जादू’ कितना प्रभावी है, यह देखने वाली बात होगी.

 छत्तीसगढ़, ओडिशा के बाद अब झारखंड पर नजर

लोकसभा चुनाव में झारखंड में आदिवासी बहुल 5 सीटों पर भाजपा हार गयी. इससे पार्टी अलर्ट हो गई है. उसने नई रणनीति पर तत्काल काम करना शुरू कर दिया है. आदिवासियों का विश्वास जीतने के लिए एक बार फिर से पहल की जा रही है. इस कड़ी में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बाद ओडिशा में आदिवासी समाज से आनेवाले मोहन चरण मांझी को मुख्यमंत्री बनाया गया. अब इसके तुरंत बाद शिवराज सिंह चौहान को झारखंड का चुनाव प्रभारी और हेमंत विश्व सरमा को सह प्रभारी नियुक्त किया है. इन दोनों राज्यों में आदिवासियों की अच्छी खासी संख्या है. वहां के आदिवासी भाजपा के साथ हैं. लेकिन 2019 के विधानसभा चुनाव के समय से ही झारखंड के आदिवासी जिसमें ईसाइयों की संख्या अधिक है, ये भाजपा के खिलाफ हैं. लोकसभा चुनाव में भी इन्होंने भाजपा के विरोध में मतदान किया. इस कारण 5 सीटों पर हार मिली. 2019 के विधानसभा चुनाव में आदिवासियों के लिए आरक्षित 28 सीटों में से भाजपा सिर्फ दो  सीट जीत पाई थी. इस कारण सत्ता से बाहर हो गई थी. झारखंड में फिर से सत्ता में आने के लिए भाजपा गंभीर है. हार से सबक लेते हुए पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. वह कोई जोखिम लेना नहीं चाहती है. कहा जा रहा कि शिवराज सिंह चौहान और हेमंत विश्व सरमा की नियुक्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. दोनों नेताओं का कद बहुत बड़ा है और राजनीतिक अनुभव भी है. शिवराज सिंह चौहान राजनीति के चतुर और माहिर खिलाड़ी हैं. इस बार के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया. सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की. इसके मुख्य रणनीतिकार शिवराज सिंह चौहान ही थे. वह जनता में इतने लोकप्रिय हैं कि लोग उन्हें ‘मामा’ कहते हैं. मुख्यमंत्री रहते हुए उनकी कई योजनाएं लोकप्रिय हुईं जिसका लाभ भाजपा को चुनाव में मिला.

शिवराज सिंह चौहान और हेमंत दोनों अलग-अलग मिजाज के नेता हैं. शिवराज की पहचान जहां सरल, मृदुभाषी और मिलनसार राजनेता की है, वहीं हेमंत विश्व सरमा कट्टर हिंदूवादी नेता की छवि रखते हैं. दोनों के भाषण और कामकाज का अंदाज भी अलग-अलग है. यानी एक की छवि आग की तो दूसरी की छवि पानी की है. दोनों ने अपने प्रदेशों में काम से पहचान बनाई है.

बनायेंगे जीत की रणनीति

शिवराज सिंह चौहान और हेमंत, भाजपा में जीत की नई रणनीति बनाएंगे. दोनों नेताओं के अनुभव का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा. उम्मीद है कि दोनों नेता तालमेल बनाकर काम करेंगे. अभी इनके पास समय है, इसलिए जमीनी हकीकत से भी रूबरू होने का पूरा मौका है. कहा जा रहा है कि टिकट बंटवारे में भी इन्हीं नेताओं की चलेगी. पहले से पार्टी में जो गुट हावी हैं, उस पर भी रोक लगेगी. टिकट बंटवारे में मनमानी नहीं चलेगी. यदि इस बार सही ढंग से टिकटों का बंटवारा हुआ और जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट दिया गया तो संभव है कि पार्टी के लिए परिणाम सार्थक हों.

भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती आजसू पार्टी के साथ सीटों का बंटवारा भी है. सीटों पर तालमेल का खाका जितनी जल्दी तैयार होगा, उतना ही अच्छा होगा. आजसू पार्टी के साथ एनसीपी और जेडीयू भी इस बार एनडीए फोल्डर में हैं. एक, दो सीट इन पार्टियों को भी देनी होगी. शिवराज सिंह चौहान और हेमंत के समक्ष चुनौती कम नहीं है. अब आने वाले समय में यह देखना होगा कि ये दोनों नेता कैसे इन चुनौतियों से निपटते हैं.

शिवराज तथा हिमंता के देखरेख में झारखंड में भाजपा बहुमत की सरकार बनाएगी : दीपक प्रकाश

झारखंड विधानसभा के चुनाव प्रभारी का जिम्मा मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम सह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा सह प्रभारी का दायित्व असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा को दिए जाने का पूर्व झारखंड़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने स्वागत किया है. कहा कि दोनों ही नेता अच्छे रणनीतिकार हैं तथा चुनाव जीतने और जिताने में माहिर हैं. झारखंड़ भाजपा को शिवराज सिंह चौहान तथा हिमंता विश्व सरमा के अनुभव का लाभ मिलेगा और झारखंड़ के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी.

इसे भी पढ़ें –  झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान को बनाया प्रदेश चुनाव प्रभारी, असम के सीएम हिमंता बनाए गए सह प्रभारी

Related Articles

Back to top button