
Chaibasa : गोइलकेरा थाना अंतर्गत पंचायत सारूगोड़ा के लेपा एवं रेड़दा जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गये प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के एरिया कमांडर मंगरा लुगुन पर दो लाख का इनाम घोषित था. मंगरा पर कुल 33 कांड दर्ज थे. उसके शव के पास से पुलिस ने एक एके 47 रायफल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, पिट्ठू ,कंबल एवं अन्य दैनिक उपभोग के सामान बरामद किये हैं. सूत्रों का कहना है कि गोइलकेरा थाना अंतर्गत हब्बा-डब्बा खिलानेवालों से मंगरा लुगुन लेवी वसूलता था. पिछले महीने इस खेल के संचालक दलकी गांव निवासी चंद्रमोहन तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. सूत्रों के अनुसार चंद्रमोहन की हत्या मंगरा के इशारे पर ही की गयी थी. मंगरा के दस्ते के लोगों ने उसे घर से बुलाया और उसकी हत्या कर दी थी. चंद्रमोहन दलकी गांव में हब्बा-डब्बा का संचालन और बालू का कारोबार भी करता था. गांव से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित कायदा गांव के समीप लगने वाले साप्ताहिक हाट में भी हब्बा-डब्बा का संचालन होता था. वहां पूर्व में पुलिस ने छापेमारी की थी. इसके संचालकों से मंगरा लुगुन लेवी वसूली करता था. छापेमारी के बाद मंगरा को शक था कि चंद्रमोहन के कहने पर ही पुलिस ने यहां छापेमारी की है, जिससे उसे लेवी मिलनी बंद हो गयी थी. भरडीहा बालू घाट के संचालकों से भी मंगरा लुगुन हर माह 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की लेवी वसूलता था. वहां भी पुलिस ने इसे कई बार दबोचने का प्रयास किया, लेकिन वह इतना शातिर था कि वह स्वयं बालू घाट पर नहीं पहुंच सारुगाड़ा क्षेत्र में शरण लेकर वहां से अपने लोगों को लेवी का पैसा लेने भेज देता था.
इसे भी पढ़ें – भाजपा ने सड़कों पर बेचा मुर्गा और अंडा, हेमंत सरकार पर लगाया युवा विरोधी होने का आरोप
पुलिस के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम के एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई का एरिया कमांडर मंगरा लुगुन अपने कुछ दस्ता सदस्यों के साथ बुरूबेरेंग, लेपा एवं रेड़दा के जंगलों एवं पहाड़ी क्षेत्र में घूम रहा है. सूचना के आधार पर चाईबासा जिला पुलिस तथा सीआरपीएफ 60 बटालियन क्यूएटी द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान गुरुवार को सवेरे करीब साढ़े छह बजे लेपा एवं रेड़दा जंगल में मंगरा लुगुन के दस्ते ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी करवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की. इस मुठभेड़ में पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए. मुठभेड़ के बाद तलाशी के दौरान एक पीएलएफआई उग्रवादी का शव बरामद किया गया. उसकी पहचान पीएलएफआई का एरिया कमांडर मंगरा लुगुन के रूप में की गयी. पुलिस उपमहानिरीक्षक सीआरपीएफ (ऑपरेशन) आशु शुक्ला, एसपी पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, अजय लिंडा, 60 बटालियन सीआरपीएफ के सीओ आनंद जेराई, एएसपी अभियान तथा अन्य पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया . पुलिस ने मंगरा लुगुन के शव को विधिवत इंक्वेस्ट कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें –नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म, हेमंत राज में अपराधियों के हौसले बुलंद : गंगोत्री कुजूर




