
Ranchi: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि झारखण्ड में इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी. झारखंड सरकार करप्शन के मामले में देश में अव्वल है. भाजपा ही इससे निजात दिलाएगी. झारखंड प्रदेश के विधानसभा चुनाव प्रभारी बनाए गए शिवराज और सह प्रभारी हिमंता पहली बार झारखंड पहुंचे थे और प्रदेश कार्यालय, रांची में रविवार को पार्टी सांसद, विधायक, मोर्चा अध्यक्ष और अन्य के साथ सांगठनिक बैठक की. इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव में 8 सीटों पर मिली जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व के परिश्रम की सराहना की.

सहयोगी पार्टी आजसू पार्टी के साथ मिलकर 9 सीटों की जीत को पार्टी टीम के घनघोर परिश्रम का फल बताया. खुशी जाहिर करते कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की 52 विधानसभा सीटों पर भाजपा की बढत रही. यह सकारात्मक परिणाम है. 1962 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि एनडीए को बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार पीएम बने. इसमें झारखंड में प्रदेश भाजपा का भी प्रदर्शन बहुत बेहतर रहा. जो जीते हैं, उनका अभिनंदन भी किया जाएगा. जो परिणाम आए हैं, उससे झारखंड में इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा वापसी करेगी. मौके पर असम के सीएम के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भी उपस्थित थे.

नहीं देखी इतनी लुटेरी सरकार
शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधा. कहा कि झारखंड को कुशासन से मुक्त कराना है. इस पर विस्तार से बात हुई है. इसके लिए बाबूलाल की टीम यहां काम करेगी और वे तथा सरमा इसमें मदद करेंगे. वे आश्वस्त हैं कि इस बार यहां बीजेपी की सरकार बनेगी. उन्होंने यह भी कहा कि आज तक झारखंड सरकार की तरह कोई भ्रष्ट और लुटेरी सरकार नहीं देखी. यह देश में सबसे भ्रष्ट और खराब सरकार है. इसने एक भी वादा पूरा नहीं किया. ना तो एक भी युवा को अपने बल पर नियुक्ति पत्र दिया, ना बेरोजगारी भत्ता.
अपने कृषि पशुपालन विकास विभाग का जिक्र करते कहा कि पिछले पांच सालों में इस राज्य को 21 हजार 55 करोड़ रुपए मिले पर वे पैसे कहां गये, क्या हुआ, पता नहीं. यहां बालू, कोयला, खनिज में लूट मची है. गो तस्करी हो रही. ट्रांसफर पोस्टिंग में भी लूट है. झारखंड तबाही की ओर है. बीजेपी का संकल्प इस राज्य को इससे बचाने का है. हम सब परिश्रम करेंगे और यहां सरकार बनाकर सुशासन लाएंगे. झारखंड में एसटी सीटों पर हार के सवाल के जवाब में शिवराज ने कहा कि लोकतंत्र में जीत हार लगी रहती है. भाजपा ने यहां ओवर ऑल बढिया परिणाम दिया है.
अपने क्षेत्र में सीएम चंपाई की हार: हिमंत
असम के सीएम ने कहा कि झारखंड में 9 सीटें देने को वे झारखंड के लोगों को नमन करने आए हैं. मोदी के पीएम बनने में इसका भी बड़ा रोल है. यहां विधानसभा में 41 सीटें जीतने पर बहुमत होता है. झारखंड में 52 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने लीड किया है और अच्छा परिणाम दिया है. यहां के सीएम चंपाई सोरेन अपने विधानसभा क्षेत्र में अपने कैंडिडेट को लीड नहीं दिला सके. वे उनकी जगह रहते तो ऐसी हालत में इस्तीफा दे देते. हिमंता ने प्रदेश भाजपा में किसी गुटबाजी से इंकार किया.
हुई महत्वपूर्ण बैठक: बाबूलाल
मौके पर बाबूलाल ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों, मोर्चा अध्यक्ष, चुनाव लड़ चुके कैंडिडेट के साथ पार्टी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई. झारखंड में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं, इस संदर्भ में भी यह बैठक बुलाई गयी थी.




