
Nitesh Ojha
Ranchi: झारखंड में सत्तारुढ़ बीजेपी को हटाने के लिए राज्य के सभी विपक्षी पार्टी (जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी, जेवीएम) अभी तक केवल अपने बयानों से ही एकजुटता दिखा रही हैं. लेकिन महागठबंधन बनाने को लेकर इन दलों की तरफ से कोई विशेष पहल नहीं हो रही है.
इसे देखते हुए ही जेएमएम, कांग्रेस सहित अऩ्य घटक दलों ने अपने स्तर पर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. जेएमएम जहां बदलाव यात्रा कर बीजेपी पर लगातार हमला बोल रहा है. वही कांग्रेस के कई प्रत्याशियों ने टिकट की उम्मीद में अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है.
गत 13 जुलाई को कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने जेएमएम नेता हेमंत सोरेन के आवास पर कहा था कि पार्टी सीटिंग सीटों के अलावा वैसे स्थान पर भी प्रत्याशी उतारेगी, जहां वह 2014 के चुनाव में पार्टी दूसरे स्थान पर थी.
इसे देख इन स्थानों के कई नेताओं ने चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू की है.
18 सीटों पर पार्टी का मजबूत दावा
आलमगीर आलम ने यह भी कहा था कि अगर महागठबंधऩ बनता है, तो पार्टी कुल 25 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. लेकिन अगर सीटिंग और दूसरे स्थान वाली सीटों की स्थिति को देखे, तो पार्टी का दावा कुल 18 सीटों पर मजबूती से बनता है.
बता दें कि वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस के पास कुल 9 विधायक हैं. इसमें पाकुड़, जरमुंडी, जामताड़ा, बरही, बड़कागांव, पांकी, लोहरदगा, कोलेबिरा और जगरनाथपुर सीट शामिल हैं.
वहीं अगर 2014 के विधानसभा चुनाव स्थिति को देखे, तो पार्टी कुल 9 सीटों (रामगढ़, बेरमो, धनबाद, झरिया, जमशेदपुर ईस्ट, जमशेदपुर वेस्ट, खिजरी, कांके और डाल्टनगंज) पर दूसरे स्थान पर रही थी.
दूसरे नबंर पर रहीं सीटों के लिए पार्टी में कई उम्मीदवार
2014 के दौरान दूसरे स्थान पर रहे प्रत्याशियों की बात करें, तो कई उम्मीदवार इन सीटों से चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं. देखा जाये तो इसमें कांग्रेस के कई कद्दवार नेता शामिल हैं.
• कांके सीट से वर्तमान रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्य़क्ष सुरेश बैठा एक बार फिर यहां से चुनाव लड़ने की तैयारी में है. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से इनके काफी नजदीक संबंध हैं. हालांकि यहां से असंगठित प्रदेश कामगार संघ अध्यक्ष प्रेम कुमार भी चुनाव लड़ने की चाह रखते हैं.
• बेरमो सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता राजेंद्र प्रसाद का चुनाव लड़ना पक्का है. हालांकि उनके बड़े बेटे और पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनुप सिंह जिस तरह से यहां की राजनीति में सक्रिय हैं, उससे तय है कि 2019 में वे बेरमो सीट पर चुनाव लड़कर वे अपने पिता की गद्दी को आगे बढ़ा सकते है.
• रामगढ सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवारों को देखें, तो यहां से चुनाव लड़ चुके शहजादा अनवर के अलावा अन्य कई नेता भी रेस में हैं. इसमें ममता देवी और रियाज अहमद शामिल हैं. ममता देवी जहां वर्तमान में जिला पार्षद है, तो रियाज नेशनल कॉर्डिनेटर के पद पर हैं.
• धनबाद सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक को एक मजबूत उम्मीदवार बताया जा रहा है. यहां से यूथ कांग्रेस नेता अभिजीत राज भी टिकट की रेस में आगे है.
• डालटेनगंज से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने चुनाव लड़ने के लिए तैयारी शुरू कर दी है. मंडल डैम के विरोध की बात करें, या फिर बीजेपी के कार्यक्रम के बाद बचे भोजन को खाने के बाद गाय मरने की बात. सभी बातों को प्रमुखता से रख उन्होंने अपनी टिकट को पक्का कर लिया है.
हालांकि वर्तमान जिला अध्य़क्ष बिट्टू पाठक भी यहां से चुनाव लड़ने की मंशा रखते हैं. बताया जाता है कि यूथ कांग्रेस के कई नेता का उनको समर्थन मिला है.
• झरिय़ा सीट पर कांग्रेस से टिकट के लिए नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा सिंह मजबूत उम्मीदवार हैं. इसके अलावा यहां से संतोष सिंह और शमशेर आलम भी रेस में है. संतोष सिंह जहां एआइसीसी के सदस्य हैं. तो शमशेर आलम पूर्व में डिप्टी मेयर का चुनाव लड़ चुके हैं.
• जमेशदुपर ईस्ट से मुख्यमंत्री के विपरित चुनाव लड़ने के लिए आनन्द बिहारी दुबे और डॉ परितोष सिंह की रेस में हैं. डॉ परितोष सिहं प्रदेश युवा कांग्रेस के महामंत्री होने के साथ पूर्व में लोकसभा जिला प्रभारी रह चुके हैं.
• जमशेदुपर वेस्ट की बात करें, तो बन्ना गुप्ता को यहां से मजबूत उम्मीदवार बताया जा रहा है. हालांकि यहां से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के चुनाव लड़ने की भी चर्चा है.
लेकिन जिस तरह से अजय कुमार पार्टी गतिविधि से अलग-थलग पड़ गये है, उससे बन्ना गुप्ता को टिकट मिलना तय माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ेंःबड़कागांव विधानसभाः #BJP #AJSU नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच दावेदारी और बयानबाजी तेज
दूसरे स्थान पर रहे पार्टी उम्मीदवारों की स्थिति
अगर 2014 के चुनाव की स्थिति को देखें, तो कुल 9 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे हैं. इऩ प्रत्याशियों को बीजेपी और आजसू प्रत्याशियों से हार का सामना करना पड़ा था.
• रामगढ़– आजसू के चन्द्र प्रकाश चौधरी ने शहजादा अऩवर को 53818 वोटों से हराया था.
• बेरमो– बीजेपी के योगेश्वर महतो ने राजेन्द्र प्रसाद सिंह को 12613 वोटों से मात दी.
• धनबाद– बीजेपी के राज सिन्हा ने मन्नान मलिक को 52997 वोटों से हराया.
• झरिया– बीजेपी के संजीव सिंह ने नीरज सिंह को 33692 वोटों से हराया.
• जमशेदपुर ईस्ट– बीजेपी के रघुवर दास ने आनन्द बिहारी दुबे को 70157 वोटों से शिकस्त दी.
• जमशेदपुर वेस्ट– बीजेपी के सरयू राय ने बन्ना गुप्ता को 10517 से वोटों से हराया.
• खिजरी– बीजेपी के रामकुमार पाहन ने सुंदरी देवी को 64912 वोटों से हराया.
• कांके- बीजेपी के डॉ० जीतू चरण राम ने सुरेश कुमार बैठा को 59804 से वोटों के अंतर से हराया था.
• डालटेनगंज– जेवीएम (प्रजातांत्रिक) के आलोक कुमार चौरसिया (वर्तमान में बीजेपी में शामिल) ने कृष्णा नन्द त्रिपाठी को 4347 वोटों से मात दी.
इसे भी पढ़ेंःटुंडी विधानसभा : सीटिंग विधायक #AJSU से, फिर भी #BJP से टिकट की होड़ में दर्जन भर हेवीवेट उम्मीदवार




