
Jamshedpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के लिए शनिवार का दिन बड़ा भाग्यशाली रहा जब जिला की सीनियर, अंडर -16 एवं महिला अंडर -19 की टीम ने क्रमशः रांची, धनबाद एवं बोकारो में अपनी जीत का परचम लहराया. झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में रांची के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रहे सीनियर अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता (एचपी बोधनबाला ट्राफी) 2021-22 में पश्चिमी सिंहभूम ने देवघर को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से पराजित कर सेमीफाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया. अब सेमीफाईनल में पश्चिमी सिंहभूम का मुकाबला बोकारो से 13 जून को होगा.
इससे पूर्व 9 जून को पश्चिमी सिंहभूम ने सिमडेगा को 6 विकेट से पराजित किया था जबकि कल 10 जून को वर्षा से बाधित मैच में पश्चिमी सिंहभूम ने मेजबान रांची से बराबर अंक बांटे. रांची के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 183 रन बनाए. पश्चिमी सिंहभूम के गेंदबाजों में कप्तान अनुराग संजय पुर्ति, आयुष पाल एवं विशाल साव ने दो – दो विकेट हासिल किए. जवाब में पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने जयप्रकाश का एकमात्र विकेट खोकर लक्ष्य को 28.3 ओवर में ही प्राप्त कर लिया. विकेटकीपर बल्लेबाज अरविंद कुमार ने 89 नाबाद तथा मयंक पॉल ने 71 नाबाद रन बनाए.
धनबाद को एकतरफा मुकाबले में हराया
उधर, धनबाद में खेले जा रहे अंतर जिला अंडर -16 क्रिकेट प्रतियोगिता के सुपर डिवीजन मुकाबले में शानदार फार्म में चल रही पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने मेजबान धनबाद को एकतरफा मुकाबले में 142 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए. कल अपने दूसरे सुपर डिवीजन मैच के अगर पश्चिमी सिंहभूम की टीम रांची को पराजित कर देती है तो इसका फाईनल खेलना निश्चित हो जाएगा.
धनबाद के टाटा डीगवाडीह स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने डेविड सागर मुंडा की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 299 रनों का स्कोर खड़ा किया. डेविड ने 17 चौकों एवं सात छक्कों की मदद से 158 रनों की बेहतरीन पारी खेली. कप्तान सुमित शर्मा ने भी 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. इस प्रतियोगिता में डेविड सागर मुंडा का यह दूसरा शतक है. इससे पूर्व डेविड सागर मुंडा ने चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खूँटी के खिलाफ 168 रन बनाए थे. जीत के लिए निर्धारित 50 ओवर में 300 रनों का पीछा करने उतरी धनबाद की टीम 35.5 ओवर में 157 रन ही जुटा पाई. पश्चिमी सिंहभूम की ओर से आशीष कुमार सिंह ने 23 रन देकर चार तथा रितिक सेठ ने 25 रन देकर चार विकेट हासिल किए. डेविड सागर मुंडा को उसकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया.
चांदमुनी ने बनाये नाबाद 99 रन
आज ही बोकारो में खेले गए अंतर जिला महिला अंडर -19 क्रिकेट प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम ने जामताड़ा को 100 रनों से पराजित किया. टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने कप्तान चांदमुनी पुरती के 93 नाबाद एवं हिमांगी रॉय के 53 नाबाद रन की बदौलत निर्धारित 26 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए. जवाब में जामताड़ा की टीम पूरे 26 ओवर खेलकर 106 रन ही जुटा पाई. आज की इस शानदार सफलता पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा एवं अवैतनिक महासचिव असीम कुमार सिंह ने तीनों टीमों को बधाई दी है.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur Flag march : रांची में उपद्रव के बाद अलर्ट, संवदेनशील इलाकों में फ्लैग मार्च




