
Kolkata: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित कोयला खदान में विस्फोट होने से सात लोगों की मौत हो गई है. जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं. कुछ शवों के चिथड़े उड़ गए हैं, अन्य लोग घायल हुए हैं. घायलों में भी कई गंभीर हैं. जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार की है. प्रबंधन के अनुसार गंगारामची एवं गंगारामचक भदुलिया कोयला खदान में डेटोनेटर ले जाया जा रहा था.
इसी दौरान यह विस्फोट हुआ. उस वक्त वहां पर कई मजदूर काम कर रहे थे. दूसरी ओर कहा जा रहा है कि सुरक्षा के जरूरी उपायों के बीच विस्फोट किया गया, जिसकी चपेट में कामगार आ गए. यह कोयला खदान वेस्ट बंगाल पॉवर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (WBPDCL) की है. इसमें एक खदान को माइन डेवलपर एवं ऑपरेटर (MDO) द्वारा परिचालन किया जाता है. घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है. मौके पर फोर्स की तैनाती की गई है.




