
NewDelhi : लोकसभा चुनाव के बीच राजनीतिक दलों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के नामी लोगों के जुड़ने का सिलसिला जारी है.. बता दें कि शनिवार को भाजपा मुख्यालय में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में सेना के सात रिटायर्ड अधिकारी भाजपा में शामिल हुए. इन सात रिटायर्ड अधिकारियों में छह थल सेना और एक वायुसेना के हैं. इनमें से पांच लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के और एक कर्नल रैंक के रिटायर्ड अधिकारी हैं. वहीं एक विंग कमांडर रैंक के हैं. इनमें लेफ्टिनेंट जनरल जेबीएस यादव, लेफ्टिनेंट जनरल आर एन सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल एस के पटयाल, लेफ्टिनेंट जनरल सुनीत कुमार, लेफ्टिनेंट जनरल नितिन कोहली, कर्नल आर के त्रिपाठी, विंग कमांडर नवनीत मेगन शामिल हैं
सेना के रिटायर्ड अधिकारियों का भाजपा से जुड़ने का सिलसिला जारी
बता दें कि सेना के रिटायर्ड अधिकारियों का भाजपा से जुड़ने का सिलसिला जारी है. इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल शरत चंद (रिटायर्ड) भी भाजपा में शामिल हुए थे. सेना में पूर्व उप प्रमुख रहे शरत चंद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की मौजूदगी में दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली. शरत चंद जनवरी 2017 से जून 2018 तक उप सेना प्रमुख के पद पर रहे. इससे पहले मेजर सुरेंद्र पुनिया भी भाजपा में शामिल हुए. उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और रामलाल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.
सेना के अधिकारियों के अलावा बॉलीवुड के स्टार्स भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं. शुक्रवार को पंजाबी गायब दलेर मेहंदी भी भाजपा में शामिल हुए. दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी और केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की मौजूदगी में दलेर मेहंदी में शामिल हुए. बता दें कि दलेर मेहंदी से पहले पंजाबी गायक हंसराज हंस भी भाजपा में शामिल हुए थे. भाजपा ने उनको दिल्ली की नॉर्थ-वेस्ट सीट से मैदान में उतारा है.




