
New Delhi: कोरोना वायरस के खिलाफ देश की जंग जारी है. हर शख्स अपने-अपने स्तर से इस लड़ाई में योगदान देने की कोशिश कर रहा है. वहीं देश की बड़ी कंपनियां भी इस संकट की घड़ी में आगे आयी है.
टाटा ग्रुप और रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआइएल) के बाद भारती एंटरप्राइजेज कोरोना वायरस महामारी से निपटने में सरकार की मदद के लिये पीएम केयर्स फंड में 100 करोड़ रुपये का योगदान देगी. वहीं जेएसपीएल ने 25 करोड़ रुपये की मदद देने का वादा किया है.
इसे भी पढ़ेंः#NizamuddinMarkaz से निकाले गये 1000 लोग, 24 केस पॉजिटिव, इलाके को किया जा रहा सैनिटाइज
भारती एंटरप्राइजेज ने 100 करोड़ की मदद का किया वादा
भारती एंटरप्राइजेज ने मंगलवार को कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई में साथ देने के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के सहयोग का वादा किया. कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस धनराशि के एक बड़े हिस्से को तुरंत पीएम-केयर्स कोष में जमा किया जाएगा.
बयान में कहा गया है कि शेष राशि का इस्तेमाल चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मियों के लिए मास्क तथा अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की आपूर्ति के लिए किया जाएगा.
बयान में कहा गया कि कंपनी 10 लाख से अधिक एन-95 मास्क खरीद रही है और इन्हें जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाएगा.
बयान में कहा गया, “भारती एंटरप्राइजेज और उसकी कंपनियां भारती एयरटेल, भारती इंफ्राटेल और अन्य कंपनियां कोविड-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई में 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का योगदान दे रही हैं.”
भारती एंटरप्राइजेज इस धनराशि के अलावा कंपनी के कर्मचारियों के व्यक्तिगत योगदान से बने कोष के जरिए भी मदद कर रही है.
इसे भी पढ़ेंः#LockDown21 में फंसे बिहार व झारखंड के मजदूरों के साथ मारपीट, छीने मोबाइल और पैसे
जेएसपीएल ने की 25 करोड़ देने की घोषणा
कोरोना वायरस से जंग के लिए निजी क्षेत्र कंपनियां सरकार की मदद को आगे आ रही हैं. इसी कड़ी में इस्पात निर्माता कंपनी जेएसपीएल ने मंगलवार को पीएम-केयर्स कोष में 25 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. बता दें कि पीएम-केयर्स फंड देश में कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए बनाया गया है.
जिंदल समुह सिर्फ इस्पात और ऊर्जा कम्पनी नहीं बल्कि एक विचारधारा है। जब-जब राष्ट्र पर कोई विपदा आई है परम आदरणीय नवीन जिन्दल जी के नेतृत्व में पूरा जेएसपीएल परिवार चट्टान बनकर खड़ा हुआ है। आज कोविड19 से बचाव के लिए 25 करोड़ का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है राष्ट्र हमेशा याद रखेगा
— nilesh kumar jha (@NkNileshkumar) March 31, 2020
जेएसपीएल के चेयरमैन नवीन जिंदल ने ट्वीट किया, “कोविड-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई में साथ देने के लिए जेएसपीएल पीएम केयर्स कोष में 25 करोड़ रुपये का तत्काल योगदान दे रहा है. हम अपने राष्ट्र को हर संभव समर्थन देना जारी रखेंगे.”
इसके अलावा जेएसपीएल फाउंडेशन अपने विनिर्माण संयंत्रों के आसपास स्थानीय समुदायों को भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी मुहैया करा रहा है.
याद दिला दें कि इससे पहले टाटा ट्रस्ट की ओर से 500 करोड़ और टाटा सन्स की ओर से 1000 करोड़ रुपये की सहायता राशि सरकार को दिये जाने की टाटा ग्रुप ने घोषणा की है. वहीं रिलायंस इंडस्ट्री लिमिटेड ने 500 करोड़ रुपये की सहायता देने की बात कही है.




