
Dhanbad : जामाडोबा डुमरी तीन नंबर में चार मजदूर फंसे हुए हैं. ये बिहार के बांका और झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले हैं और बोरिंग का काम करते हैं. डुमरी तीन नंबर में ये लोग टेंट लगाकर किसी तरह समय गुजार रहे हैं. 25 मार्च की रात टेंट में कुछ अपराधी घुस आये और हथियार का भय दिखाकर इनके मोबाइल, पैसे और कपड़े छीन लिये.
मजदूरों ने इसकी शिकायत जामाडोबा थाना में भी की है. मजदूरों ने बताया कि अपराधी हर रात को टेंट में घुस आते हैं और गांजा पिलाने को कहते हैं. साथ ही यहां रहने के लिए रुपये की भी मांग करते हैं. नहीं देने पर वे जान से मार देने की धमकी दे रहे हैं. तब से ये मजदूर डर के साये में किसी तरह समय काट रहे हैं. पैसा खत्म हो जाने के कारण इनके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
इसे भी पढ़ें- MP, केरल व बंगाल में #Corona से एक-एक मौत, राजस्थान में चार नये केस
आस – पड़ोस के लोगों ने दी सांत्वना
न्यूजविंग की टीम IGS के मजदूरों से मिलने जामाडोबा पहुंंची. ये सभी मजदूर झारखंड के गोड्डा और बिहार बांका जिले के रहने वाले हैं. न्यूजविंग की टीम को देखते ही मजदूरों की आंखों से आंंसू छलक गये. मजदूरों की मानें तो 25 मार्च की सुबह करीब 3 से 4 के बीच कुछ अपराधी हथियार के बल पर टेंट में घुस गये और 2 मोबाइल, कपड़े और पैसे छीन लिये.
यही नहीं, अपराधियों ने सभी के साथ मारपीट भी की. सुबह घटना की जानकारी पास के लोगों को मिली. कुछ ने मजदूरों को सांत्वना दी कि अगर खाने – पीने की दिक्कत होगी तो हमलोग हैं. इसके साथ एक युवक ने मजदूरों को थाना जाने की सलाह दी. मजदूर उस युवक की बात मानकर उसके साथ जोड़ापोखर थाना चले गये.
पुलिस ने कहा- खाना खाना हो तो थाना चले आना
पुलिस ने मजदूरों को आश्वासन दिया कि अगर खाने की दिक्कत होगी तो थाने चले आना. पुलिस के इस आश्वासन से मजदूर सोच में पड़ गये हैं क्योंकि पुलिस ने उन्हें अपराधियों से बचाने के लिए किसी तरह की कोई खास बात नहीं कही. जिसकी वजह से अब ये सभी मजदूर पल-पल दहशत के साये में जी रहे हैं.
मजदूरों ने कहा छिनतई के बाद भी प्रतिदिन रात में अपराधी आते हैं और मारपीट कर खर्चे मांगते हैं या गांजा पिलाने को कहते हैं. न बोलने पर जान से मारने की धमकी देते हैं. साथ ही मजदूरों ने यह भी कहा कि अब तो पास में इलाज के पैसे भी नहीं हैं. इस लॉकडाउन के कारण घर भी नहीं जा सकते हैं और न ही किसी प्रकार की मदद ही मिल रही है.
मजदूरों ने बताया कि कंपनी का सुपरवाइजर अलाउद्दीन कटिहार का रहने वाला है जो फिलहाल धनबाद में रहता है. वह कभी-कभी खाने की सामग्री के पैसे मजदूरों को भेज देता है. बंदी के कारण सुपरवाइजर मजदूरों का हालचाल जानने मजदूरों के पास नहीं आ पाता है. सरकार और जिला प्रसासन से ये मजदूर मदद की गुहार लगा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- #Delhi में दो दिनों में सामने आये 50 नये केस, कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 97
16 मार्च को धनबाद आये थे सभी मजदूर
धनबाद झरिया के जोड़ापोखर थाना अंतर्गत दिल्ली की IGS इंडियन जिओ टेक्निकल सर्विस कंपनी में कार्य करने वाले चार मजदूर 16 मार्च को जोड़ापोखर क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी नंबर तीन में पहुंंचे थे.
ये सभी मजदूर बोरिंग का काम करते हैं. 17 मार्च को सभी मजदूर अपने काम पर लग गये. काम शुरू होते ही टाटा कंपनी के सिक्यूरिटी गार्ड ने टाटा कंपनी की जमीन का हवाला देते हुए बोरिंग का काम रुकवा दिया था.
दूसरी जगह काम मिलने के इंतजार में थी कंपनी
बोरिंग का काम करने वाली कंपनी इस इंतजार में थी कि दूसरी जगह मिलने पर दुबारा काम शुरू किया जायेगा. लेकिन इस बार मजदूरों की किस्मत खराब थी. 22 मार्च को कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन की घोषणा हो गयी.
इसी बीच 24 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रात के 12 बजे से पूरे देश मे संपूर्ण रूप से 21 दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा कर दी. इस घोषणा से मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया. ये मजदूर अब इस सोच में पड़ गये कि 21 दिन कैसे गुजारा होगा.
इसे भी पढ़ें- #NizamuddinMarkaz में शामिल होने वाले छह लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत




