JharkhandRanchi

झारखंड हाई कोर्ट में पावर सप्लाई बाधित होने पर कोर्ट नाराज, कोर्ट के आदेश से मुख्य सचिव और ऊर्जा सचिव हुए हाजिर

Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट में सुबह 9:15 बजे से बिजली नहीं थी. हाई कोर्ट में मेन केबल में टेक्निकल फॉल्ट होने की वजह से पावर सप्लाई बाधित हुई. हाई कोर्ट ने इसे गंभीरता से लिया. हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने कोर्ट में बिजली व्यवस्था बाधित होने पर राज्य के मुख्य सचिव एवं ऊर्जा सचिव को तलब किया. जिसके बाद दोनों अधिकारी कोर्ट के समक्ष उपस्थित हुए. कोर्ट ने उनसे मौखिक कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे हाई कोर्ट में तकनीकी खराबी होने पर बिजली व्यवस्था तुरंत बहाल हो जाए. मुख्य सचिव एवं ऊर्जा सचिव ने कोर्ट को आश्वस्त किया कि हाई कोर्ट में बिजली के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी.

दरअसल गुरुवार सुबह 9:15 बजे से 11:00 बजे तक झारखंड हाई कोर्ट में तकनीकी गड़बड़ी के कारण बिजली बाधित हो गई थी. जिसे हाई कोर्ट की खंडपीठ ने गंभीरता से लिया. कोर्ट के निर्धारित समय सुबह 10:30 अधिवक्ता सुनवाई के लिए पहुंचे थे. लेकिन पावर कट होने की वजह से सभी अधिवक्ता हाई कोर्ट के कॉरिडोर में बैठे रहे. हालांकि कुछ अधिवक्ता कोर्ट की कार्यवाही में भाग लेते दिखे. लंबे समय तक बिजली बाधित होने के कारण कोर्ट की कार्रवाई वैकल्पिक व्यवस्था के जरिये शुरू की गयी. बाद में सुबह 11:00 हाई कोर्ट में बिजली व्यवस्था बहाल की गई.

Related Articles

Back to top button