
Mumbai: शुरुआती कारोबार में सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी देखी गई. इसकी प्रमुख वजह शुक्रवार को जारी जीडीपी के आंकड़ों का बेहतर रहना, प्रौद्योगिकी और पूंजीगत सामान की कंपनियों के शेयरों में लिवाली का दौर चलना रही.
इसे भी पढ़ेंःमोदी सरकार में अर्थव्यवस्था की लंबी छलांग , अप्रैल-जून तिमाही में GDP ग्रोथ रेट 8.2 प्रतिशत
सेंसेक्स में उछाल
बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 289.28 अंक यानी 0.74% की तेजी के साथ 38,934.35 अंक पर खुला. पिछले तीन सत्र के कारोबार में इसमें 251.56 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 71.30 अंक यानी 0.61% की बढ़त के साथ 11,751.80 अंक पर पहुंच गया.
ब्रोकरों के अनुसार, शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी हुए जिसका लाभ शेयर बाजार में शुरूआती कारोबार में मिला है. उल्लेखनीय है कि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में देश की जीडीपी वृद्धि दर 8.2% रही है.
इसे भी पढ़ेंःब्रिटेन को पीछे छोड़ पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा भारत : जेटली
रुपये में मामूली सुधार, 23 पैसे मजबूत
शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को 23 पैसे की मजबूती के साथ 70.77 पर खुला. इसी के साथ वह अपने 71 के सर्वकालिक रिकॉर्ड निचले स्तर से ऊपर आ गया. मुद्राकारोबारियों के अनुसार इसकी अहम वजह चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में देश की जीडीपी वृद्धि दर का अच्छा रहना है.
इसके अलावा निर्यातकों और बैंकों की ओर से डॉलर की बिकवाली से भी रुपये को समर्थन मिला है. हालांकि अन्य विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने से रुपये में यह बढ़त थम गई. शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 26 पैसे यानी 0.37% टूटकर 71 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था.




