
Ranchi : एचईसी परिसर के सेक्टर दो स्थित राजेंद्र भवन को एचईसी प्रबंधन की ओर से सोमवार को सील कर दिया गया. विदित हो कि प्रबंधन ने राजेंद्र भवन को “बेस इंटरप्राइजेज” नामक संस्था को दीर्घकालीन लीज पर राजेंद्र भवन आवंटित किया था.
प्रबंधन का आरोप है कि लीजधारक “बेस इंटरप्राइजेज” के संचालक द्वारा राजेंद्र भवन के परिसर में लीज की शर्तों का उल्लंघन करते हुए उक्त परिसर में अवैध रूप से हॉल व चहारदीवारी का निर्माण कर लिया गया है.
इस संबंध में एचईसी प्रबंधन की ओर से राजेंद्र भवन के लीजधारक को पूर्व में नोटिस जारी करते हुए अवैध निर्माण को हटाने का निर्देश दिया गया था. इस पर लीजधारक ने हाइकोर्ट में एचईसी प्रबंधन के आदेश के विरुद्ध याचिका दायर की थी.
इसे भी पढ़ें : कोराना टीकाकरण में पीछे नहीं है झारखंड, 75 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को लग चुका है टीका
प्रबंधन की ओर से कहा गया था यदि 22 फरवरी तक अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो प्रबंधन उक्त परिसर को अपने कब्जे में ले लेगा. प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस संबंध में झारखंड हाइकोर्ट ने बेस इंटरप्राइजेज द्वारा दायर याचिका खारिज कर दी. इसके बाद एचईसी प्रबंधन की ओर से राजेंद्र भवन को सील कर दिया गया.
गौरतलब है कि एचईसी प्रबंधन अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर गंभीर है. इस दिशा में प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है. इसके लिए प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है.
इसे भी पढ़ें : अग्निशमन विभाग की तत्परता से सोमवार को शहर में बड़ा हादसा टला




