
Ranchi : उपायुक्त छवि रंजन ने अपने उस आदेश को वापस ले लिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि निजी स्कूल केवल ट्यूशन फीस लेंगे. वे किसी अन्य मद में न तो फीस लेंगे और न ही फीस में बढ़ोतरी करेंगे. उपायुक्त ने कहा कि इस संबंध में विभाग से स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त होने तक जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश लागू नहीं किया जायेगा.
उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से इस संबंध में विभाग से यथाशीघ्र मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्देश दिया है. बताते चलें कि सोमवार को निजी स्कूलों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से मुलाकात की.
वैश्विक महामारी कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति को ध्यान में रखते हुए पिछले साल की तरह शिक्षण शुल्क में बढ़ोतरी न करने और अन्य कोई शुल्क नहीं लेने के आदेश को लेकर स्कूलों के प्रिंसिपल ने अपना पक्ष रखा.
इसे भी पढ़ें :झारखंड में कोविड वैक्सीन का एक दिन का बचा स्टॉक, वैक्सीनेशन पर लग सकती है ब्रेक
‘किसी गरीब बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो’
उपायुक्त छवि रंजन से मुलाकात के दौरान स्कूलों के प्रिंसिपल ने कोरोना काल में स्कूल संचालन में आ रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया. उन्होंने कहा कि किसी गरीब बच्चे की पढ़ाई, शुल्क जमा नहीं करने के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए.
इस पर स्कूलों के प्रिंसिपल्स द्वारा बताया गया कि ऐसे अभिभावक जिनका रोजगार कोरोना काल के दौरान प्रभावित हुआ है वो आवेदन दें, स्कूल प्रबंधन द्वारा यथासंभव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी.
इसे भी पढ़ें :ममता का राज्यपाल पर डायरेक्ट अटैक, कहा, धनखड़ भ्रष्टाचारी , हवाला जैन मामले में था नाम
विभाग से मार्गदर्शन मिलने का इंतजार
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से आये पहले के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा आदेश जारी किया गया था.
जिस पर स्कूल के प्रिंसिपलों द्वारा उपायुक्त से पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया. इनका कहना था कि विभाग द्वारा जारी आदेश शैक्षणिक सत्र 2020-21 के आलोक में था, मौजूदा सत्र 2021-22 के लिए विभाग द्वारा ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है.
इसे भी पढ़ें :कर्मचारियों के लिए PF पर बड़ी राहत, केंद्र सरकार देगी नियोक्ता और कर्मियों दोनों का हिस्सा




