
Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने बारीडीह स्थित अपने कार्यालय परिसर में श्री बालाजी अन्नपूर्णा योजना का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, समाजसेवी रमेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य एवं भाजमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे. मुख्य अतिथि एवं गणमान्य लोगों ने 5 रुपये का शुल्क देकर टोकन लिया और पंडितों के मंत्र उच्चारण के साथ नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया गया. उपस्थित गणमान्य लोगों सहित आम लोगों ने भी भोजन का स्वाद लिया.
इस योजना के बारे में विधायक सरयू राय ने बताया कि 5 रुपया में श्री बालाजी अन्नपूर्णा योजना की शुरुआत की जा रही है जिसमें जरूरतमंद 5 रुपये में भरपेट भोजन कर सकेंगे. प्रत्येक दिन दोपहर 12 से 2 बजे तक भोजन उपलब्ध रहेगा. भोजन में दाल- भात और सब्जी होगी. प्रत्येक दिन सब्जी में बदलाव किया जाएगा. उन्होंने बताया कि शुरुआत में 100 लोगों को भोजन कराने का लक्ष्य रखा गया है. एक महीने के बाद स्थिति आंकलन करते हुए इसमें बदलाव किया जाएगा. भोजन बनाने का कार्य स्थानीय तीन महिलाएं करेंगी ।
सरकार की दाल-भात योजना से बेहतर
आम लोगों ने भोजन करने के बाद कहा कि 5 रुपये की सरकार की दाल -भात योजना से काफी बेहतर है. श्री बालाजी अन्नपूर्णा योजना के तहत मिल रहा खाना सुस्वादु है. यह योजना गरीबों और रोजमर्रा की दुकानदारी करनेवाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर: झारखंड राज्य चतुर्थवर्गीय सरकारी कर्मचारी संघ ने बुना आंदोलन का तानाबाना




