
Jamshedpur : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय अपने विधानसभा क्षेत्र में आयुष्मान योजना के सभी पहलुओं की जानकारी देने के लिए एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेंगे. शिविर में ऐसे व्यक्ति एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे, जो स्वास्थ्य विभाग की आयुष्मान योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के काम में सक्रिय होना चाहते हैं. सरयू राय ने यह जानकारी कोल्हान क्षेत्र के आयुष्मान पदाधिकारियों के साथ अपने आवासीय कार्यालय में बैठक के बाद दी. बैठक में आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीज़ों की परेशानियों को दूर करने के बारे में विचार-विमर्श हुआ.
आयुष्मान मरीजों से जांच और ओपीडी की फीस लेना गलत
सरयू राय ने आयुष्मान योजना के कोल्हान पदाधिकारियों को बताया कि आयुष्मान योजना के तहत इलाज के लिए भर्ती मरीजों से जांच और ओपीडी की फीस ली जाती है जो कि नियमानुकूल नहीं है. पदाधिकारियों ने इस पर सहमति जतायी और कहा कि ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर वे मरीजों का पैसा वापस कराते हैं. सरयू राय ने कतिपय बड़े अस्पतालों का नाम लेकर बताया कि उन अस्पतालों में मरीजों से जांच एवं ओपीडी के नाम पर अधिक पैसे वसूले जाते हैं. आयुष्मान अधिकारियों ने कहा कि वे ऐसे अस्पतालों के विरुद्ध कारवाई की अनुशंसा करेंगे. उन्होंने कहा कि आयुष्मान से जुड़े अस्पतालों में पूरा इलाज मुफ्त होता है. मरीज को एक पैसे का भुगतान नहीं करना है. आवश्यकता है कि इस बारे में जागरूकता फैलायी जाये. इसपर तय हुआ कि इस बारे में जागरूकता के लिए एक प्रशिक्षण शिविर लगाया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – मोर से दोस्ती महंगी पड़ी किशोर को, 28 साल बाद बरी हुआ, जानें क्या है मामला




