
Ranchi: राज्य में पंचायतों (कार्यकारी समिति) का कार्यकाल अगले महीने के पहले सप्ताह में खत्म होने को है. अब ऐसे में एक बार फिर राज्य सरकार उन्हें एक्सटेंशन देने का मन बनाती दिख रही है. ग्रामीण विकास तथा संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी में हैं. इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही अध्यादेश लाने जा रही है. इससे एक बार फिर से राज्य में त्रिस्तरीय पंचायतों को 6 महीने का एक्सटेंशन मिल सकेगा.
बता दें कि शनिवार को ही न्यूजविंग ने यह खबर प्रकाशित की थी कि राज्य में पंचायतों को एक बार फिर एक्सटेंशन देने के लिए अध्यादेश लाने की तैयारी की जा रही है. रविवार को विभागीय मंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी पुष्टि कर दी.
इसे भी पढ़ें :आइआइटी धनबाद के एमएससी कोर्स में एडमिशन शुरू, जैम स्कोर होगा आधार
इसी साल चुनाव की है तैयारी
ग्रामीण विकास मंत्री के मुताबिक दिसंबर 2020 में राज्य सरकार कोरोना संक्रमणकाल के कारण चुनाव नहीं करा सकी थी. ऐसे में इस साल की शुरूआत में पंचायतों की अवधि समाप्त होने के बाद उसका कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया था.
यह अवधि 15 जुलाई को समाप्त हो रही है. पर अब भी कोविड-19 संक्रमण के कारण जून-जुलाई तक चुनाव करा पाना संभव नहीं हो पाया. ऐसी स्थिति में पंचायतों के नहीं रहने से कई स्तर पर विकास कार्य फंस सकते हैं. इसे देखते हुए और पंचायतों का विकास बाधित ना हो, काम होता रहे, इसके लिए अध्यादेश लाने की तैयारी है. इसके बाद उनका कार्यकाल एक बार फिर से छह महीने के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है.
आलम ने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद दिसंबर महीने के अंतिम सप्ताह में राज्य में पंचायत चुनाव का कार्य संपन्न करा लिया जाएगा. 20-21 दिसंबर तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न हो जाने के बाद फिर से तीसरी बार कार्यकाल को बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इसे भी पढ़ें :शिवसेना- कांग्रेस में दरार, उद्धव बोले- कोई अकेले लड़ने की बात करेगा तो लोग जूतों से पीटेंगे
12वें बर्थ पर सीएम का फैसला सर्वोपरि
मंत्रिमंडल विस्तार और 12वें मंत्री के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर पूरा अधिकार मुख्यमंत्री के क्षेत्र मंं आता है. फिलहाल उन्हें जहां तक उन्हें मालूम है, ऐसी कोई भी सुगबुगाहट दूर दूर तक नहीं है. अगर कभी ऐसी बात होगी तो मीडिया को जरूर बताया जाऐगा.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : केंद्रीय कर्मचारियों की पेंशन को लेकर किया गया बड़ा बदलाव, रखी गई हैं ये शर्तें




