
VAISHALI: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दो महीने बाद गुरुवार को पटना लौट आए हैं. तेजस्वी यादव शुक्रवार की दोपहर अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचे और पत्रकारों से भी बात की. इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिना वैक्सीन ही इंजेक्शन लगाने के वायरल वीडियो पर नीतीश सरकार और स्वास्थ्य विभाग को घेरा और खूब खरी-खोटी सुनाई.
गौरतलब हो कि बीते दिन छपरा से जो वीडियो वायरल हुआ था उसमें देखा जा सकता है कि बिना वैक्सीन के ही टीकाकरण कर दिया गया, जिसके बाद तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार अपनी नीतियों से भटक गई है. इसके साथ ही तेजस्वी ने कहा कि मंगल पांडेय पिछले कई सालों से बिहार के स्वास्थ्य मंत्री हैं, लेकिन 15 सालों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में कई घोटाले हुए, लेकिन किसी भी मामले में कार्रवाई नहीं हुई.
उन्होंने एक और फर्जीवाड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार सरकार के पास वैक्सीन नहीं होने कारण ही ऐसी तस्वीरें सामने आ रही है. इसके साथ ही टॉपर घोटाले पर तेजस्वी यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि 15 सालों में बिहार में शिक्षा व्यवस्था बद से बदतर कर दी गई है अगर सरकार नहीं चेती तो और मुश्किलें बढ़ेंगी.
सरकार की आलोचना से भड़के जेडीयू प्रवक्ता
बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा सरकार की आलोचनाओं पर भड़के जेडीयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने तेजस्वी प्रसाद यादव को आड़े हाथ लिया है. अभिषेक झा ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वो बिहार के पर्यटक हैं. और बिहार में पर्यटक के रूप में कभी-कभार ही दिखते हैं इसलिए हम उनका स्वागत करते हैं . तेजस्वी प्रसाद इन दिनों बिहार मेंआकर बिहार की समस्याओं पर बात कर रहे हैं, मगर बिहार में जब कोई आपदा या विपदा आती है, तब तेजस्वी यादव बिहार की जनता से दूर हो जाते हैं, सिर्फ ट्विटर के माध्यम से बयानबाजी में जुटे रहते हैं.

तेजस्वी यादव जो एसटीटी परीक्षा में गड़बड़ी की बात कर रहे हैं पहले उन्हें यह ज्ञात होना चाहिए कि वह खुद कोई परीक्षा में पास नही हुए हैं . तेजस्वी यादव राज्य की जनता को भ्रामक बात कहकर भड़काने का कार्य नहीं करें .




