
Russia- Ukraine War: यूक्रेन-रूस में युद्ध अब खतरनाक होता जा रहा है. रूस यूक्रेन पर चौथे दिन भी लगातार हमले कर रहा है. यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में रूसी सेना ने गैस पाइपलाइन उड़ा दी है. बताते चलें कि यूक्रेन और रूस के बीच 24 फरवरी से जंग लगातार जारी है. तमाम प्रतिबंधों के बावजूद रूस अपने हमले नहीं रोक रहा है. रूस बार-बार यूक्रेन से हथियार डालने की बात कह रहा है, लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति भी अडिग हैं.
रूस ने बंद किया चार देशों के लिए हवाई यात्रा
रूस ने अपने हवाई क्षेत्र को लिथुआनिया, लातविया, एस्टोनिया और स्लोवेनिया के विमानों के लिए बंद कर दिया है. इससे पहले इन देशों ने रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का ऐलान किया था.
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी तीसरे विश्व युद्ध की चेतावनी
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग अपने भयावह मोड पर आ पहुंचा है. बेलारूस ने रूस को अपने यहां परमाणु हथियार तैनात करने की स्वीकृति दे दी है. हालांकि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने इसका विरोध किया है. साथ ही कहा है कि वह इस लड़ाई में रूस का साथ न दे. वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगला विश्व युद्ध हो सकता है, क्योंकि रूस यूक्रेन में लगातार हमले कर रहा है.
रूसी बमबारी में ग्रीस के 10 लोगों की मौत
यूक्रेन-रूस के बीच छिड़ी जंग अब कई लोगों की जान ले रही है. इसमें न सिर्फ यूक्रेन के नागरिक मारे जा रहे हैं, बल्कि ग्रीस के नागरिक भी इसका शिकार हुए हैं. बता दें कि यूक्रेनी शहर मारियुपोल के पास रूसी बमबारी से ग्रीस के 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए.
एजेंसी के मुताबिक ग्रीस ने रूस के राजदूत को तलब कर लिया है. ग्रीस के प्रधान मंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने एक ट्वीट में कहा कि हमारे 10 निर्दोष नागरिक मारियुपोल के पास हुए रूसी हवाई हमलों में मारे गए हैं. अब इस बमबारी के बंद कर देना चाहिए. ग्रीस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि बमबारी सरताना और बुगास गांवों के बाहरी इलाके में हुई और इसमें एक बच्चा भी घायल हुआ है.
शराब की दुकानों में हो रहा रूस का विरोध
यूक्रेन पर हमला करने के लिए दुनियाभर में रूस को विरोध का सामना करना पड़ रहा है. अब बार और शराब की दुकानों में भी अलग तरीके से रूस का विरोध हो रहा है. अमेरिका के ग्रांड रेपिड्स में कुछ बार और शराब की दुकानों में रूस की वोदका बॉयकॉट करना शुरू कर दिया है. जबकि यूक्रेन की ब्रांड को बढ़ावा दिया जा रहा है.




