
Mumbai: रुपया शुरुआती कारोबार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 16 पैसे और गिरकर 71.37 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया. इसकी प्रमुख वजह डॉलर की मांग बढ़ना है. विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार पर डॉलर के मुकाबले रुपया 71.24 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर खुला और जल्द ही कारोबार में 16 पैसे टूटकर 71.37 पर पहुंच गया. वही सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 71.21 के स्तर पर बंद हुआ था.
इसे भी पढ़ेंःरिकॉर्ड स्तर पर तेल की कीमतें, मुबंई में सबसे महंगा, 86.56 रु प्रति लीटर पेट्रोल
सेंसेक्स, निफ्टी की मिलीजुली शुरुआत
शुरुआत में मंगलवार को शेयर बाजारों में तेजी का रुख देखा गया. लेकिन कुछ ही देर में बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया. ब्रोकरों के अनुसार, इसकी प्रमुख वजह कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उछाल आना और विदेशी पूंजी की निकासी होना है. इसके अलावा रुपये की कमजोरी ने भी बाजार में धारणा को प्रभावित किया.
उल्लेखनीय है कि कच्चे तेल के दाम वैश्विक बाजार में 78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं. वहीं रुपया डॉलर के मुकाबले 71.37 के सर्वकालिक निचले स्तर तक पहुंच गया है.
इसे भी पढ़ेंःमोदी सरकार में अर्थव्यवस्था की लंबी छलांग , अप्रैल-जून तिमाही में GDP ग्रोथ रेट 8.2 प्रतिशत
बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 122.72 अंक यानी 0.32% गिरकर 38,189.80 अंक पर स्थिर हुआ. हालांकि शुरुआत में यह 38,518.56 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था. पिछले चार सत्रों में सेंसेक्स 584.11 अंक गिरा है.
वही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 50.30 अंक यानी 0.43% घटकर 11,532.05 अंक पर स्थिर हुआ.




