
Ranchi: रांची के पिठोरिया इलाके में बुधवार की शाम 45 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. हालांकि पुलिस इस हत्या को गोलीबारी से जोड़कर नहीं देख रही है. पुलिस का कहना है कि किसी नुकीले हथियार से प्रहार कर उसकी हत्या की गई है. इधर, घटना की सुबह गुरुवार मारे गये पारसनाथ बेदिया के परिजन व आसपास के लोगों ने विरोध में पिठौरिया चौक पर सड़क जाम कर दिया है. हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
दरअसल, पिठोरिया थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित नायक मोहल्ले में यह पूरी वारदात हुई है. नायक मोहल्ले से सरस्वती पूजा का विसर्जन का जुलूस निकला था. विसर्जन जुलूस के निकलने के बाद मिथुन नायक नाम का युवक फायरिंग कर रहा था, इसी फायरिंग के दौरान अचानक पारसनाथ बेदिया (45 वर्ष) जमीन पर गिर गया. उसके गिरने के दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और पारसनाथ बेदिया को तुरंत उठाकर अस्पताल भेजा गया.
अस्पताल ले जाने के क्रम में ही उसकी मौत हो गई. पारसनाथ के सिर के ऊपरी भाग (तलवे) में नुकीले हथियार जैसी चोट के निशान हैं. हालांकि इस चोट को पुलिस गोलीबारी से जोड़कर नहीं देख रही है, पुलिस का मानना है कि किसी नुकीले या धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर ग्रामीण एसपी नौशाद आलम और डीएसपी मुख्यालय वन नीरज कुमार पहुंचे और पूरी घटना की छानबीन की. पुलिस ने गोली चलाने की आरोपित मिथुन नायक की तलाश की. हालांकि वह फरार हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार विसर्जन जुलूस के निकलने के बाद ही वह गोलीबारी कर रहा था.
जानकारी के अनुसार नायक मोहल्ला से सरस्वती पूजा की विसर्जन जुलूस निकली थी. उसी जुलूस में पारसनाथ भी शामिल था. लेकिन वह जुलूस के पीछे नहीं गया. जबकि पारसनाथ का बेटा शंकर बेदिया जुलूस में शामिल होकर जा रहा था. इसी दौरान अचानक फायरिंग में पारसनाथ बेदिया के घायल होने की घटना पूरे इलाके में फैल गई. घटना के बाद बेटा तुरंत वापस जुलूस से लौटा और पिता के पास पहुंचा. हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही पारसनाथ बेतिया की मौत हो चुकी थी. इस मामले में पारसनाथ के पुत्र शंकर बेदिया के बयान पर ही केस दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.
घटनास्थल से नहीं मिला गोली का खोखा, दोबारा किया जाएगा सर्च
स्थानीय लोगों ने गोलीबारी की बात कही है. हालांकि शाम के समय गोली का कोई खोखा बरामद नहीं किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास गोली की खोखा तलाश की. लेकिन उसकी बरामदगी नहीं हो सकी. पुलिस गुरुवार की सुबह दोबारा घटनास्थल के आसपास गोली का खोखा तलाश जाएगी. फिलहाल गोली चलने के बिंदु पर भी गहनता से पुलिस छानबीन कर रही है.
मिथुन नायक की पुलिस कर रही तलाश
फायरिंग करने का कथित आरोपित मिथुन नायक की पुलिस तलाश कर रही है. स्थानीय महिलाओं ने पुलिस को बताया है कि मिथुन नायक ने ही फायरिंग किया था. उसने जुलूस के दौरान भी फायरिंग की थी. पारसनाथ पर फायरिंग और हमला करने के आरोप में पुलिस उसकी तलाश कर रही है. फिलहाल उसका कोई अता पता नहीं चल पाया है. स्थानीय लोगों ने बताया है कि वह इलाके के जमीन कारोबारी कृष्णा नायक का चालक है.
आपसी रंजिश की घटना हो सकती हैः एसएसपी
इधर, एसएसपी सुरेंद्र झा का कहना है प्राथमिक तौर घटना आपसी रंजिश का लग रहा है. सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस से इस घटना का कोई लेना देना नहीं है. गोलीबारी की बात भी संदेहास्पद है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है. आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है.




