JharkhandRanchi

1.60 करोड़ की लागत से बनी सड़क हुई जर्जर, जलजमाव से परेशानी

Ranchi : रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 6 में करीब 1.60 करोड़ की लागत से बनी सड़क आज जर्जर स्थिति में है. लगभग चार माह पहले वार्ड के दीपाटोली स्थित बांधगाड़ी के निकट इस सड़क का निर्माण हुआ था. लेकिन चार माह बीतने के बाद इसकी स्थिति ऐसी है कि राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. बरसात के मौसम में इसकी स्थिति काफी खराब हो गयी है. सड़क पर  जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. जलजमाव के कारण गंदगी फैल रही है दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है.

वहां से आगे बढ़ने पर शिव मंदिर का हाल भी कुछ ऐसा ही है. यहां सड़क पर जमा कचरा और जलजमाव बीमारी को दावत दे रहे है. स्थानीय वार्ड पार्षद ने कई बार संबंधित विभाग से लेकर वरीय अधिकारियों तक सूचना दी हैं, लेकिन स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है. इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है.

जर्जर सड़क के लिए ठेकेदार जिम्मेवार

जर्जर सड़क की जानकारी देते हुए वार्ड पार्षद मोनिका खलखो ने न्यूज विंग को बताया कि उक्त सड़क का निर्माण 14वें वित्त आयोग की राशि से किया गया था. सड़क बनाने में कुल 1.60 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. लेकिन आज जैसी सड़क की स्थिति है, उसके लिए ठेकेदार ही काफी जिम्मेदार है. ठेकेदार द्वारा बनायी गयी घटिया सड़क  को देखते हुए उन्होंने 29 मार्च को नगर आयुक्त को लिखित शिकायत भी की थी. शिकायत में ठेकेदार को भुगतान नहीं करने का आग्रह किया गया था. उसके बाद नगर आयुक्त  वार्ड का निरीक्षण करने गये थे.  वहां उनसे जर्जर सड़क की स्थिति पर बात की गयी थी, लेकिन स्थिति जस की तस है. बरसात में हालत यह है कि जर्जर सड़क पर राहगीरों का चलना मुश्किल है.

इसे भी पढ़ें : धनबाद : लिलोरी पथरा के कई घरों के नीचे बना है गोफ, कभी भी भूधंसान संभव, सर्वे के बावजूद नहीं हो रहा पुनर्वास

Related Articles

Back to top button