
- लोकसभा व विधानसभा चुनाव को देख निगम ने बिछायी बिसात
- 20 जनवरी को हरमू मैदान में प्रस्तावित है सम्मेलन
Ranchi: शहरी लाभुकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए आयोजित शहरी समृद्धि उत्सव– 2019 सह लाभुक सम्मेलन को विपक्ष ने चुनावी स्टंट बताया है. विपक्षी पार्टियों ने कहा कि चुनाव को लेकर 100 दिन से भी कम समय बचा है. वैसे में इस तरह का सम्मेलन कर भाजपा केवल चुनावी लाभ पाना चाहती है. ऐसे कार्यक्रम से जनता का कल्याण करना मोदी और रघुवर सरकार का कोई इरादा नहीं दिखता है.
20 जनवरी को निगम करेगा सम्मेलन
रांची नगर निगम रविवार 20 जनवरी को हरमू मैदान में एक शहरी समृद्धि उत्सव- 2019 सह लाभुक सम्मेलन का आयोजन करने जा रहा है. इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य तो शहरी लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देना है, लेकिन इसके पीछे का मकसद लोकसभा व विधानसभा चुनाव के लिए वोटरों को एकजुट करना बताया जा रहा है. इसी को लेकर विपक्षी पार्टियों ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है. नगर विकास विभाग द्वारा प्रस्तावित इस सम्मेलन में सीएम रघुवर दास, स्थानीय विधायक, मेयर, डिप्टी मेयर सहित भाजपा से जुड़े कई नेता उपस्थित रहेंगे.
लाभुकों को योजनाओं का लाभ देना है मुख्य उद्देश्य: अपर नगर आयुक्त
अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर ने बताया कि विभाग के निर्देश के बाद निगम अपने अधीन संचालित सभी योजनाओं को लाभुकों को जानकारी देने जा रहा है. वहीं, जिन लाभुकों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उसे भी देने का प्रयास इस सम्मलेन के माध्यम से किया जाएगा. इऩ सरकारी योजनाओं में पीएम आवास योजना, राष्ट्रीय शहरी जीविका मिशन प्रमुख हैं.
भाजपा का राजनीतिक स्टंट है सम्मेलन
लाभुक सम्मलेन पर जेएमएम नेता अंतु तिर्की ने कहा कि रघुवर सरकार ने अपने चार साल के कार्यक्रम में ऐसी कोई सम्मेलन नहीं किया है. अब जब चुनावी समय शुरू हो गया है, तो सरकार निगम के मार्फत अपने वोटरों को रिझाने में लगी है. दरअसल यह सम्मेलन कुछ और नहीं बल्कि भाजपा का राजनीतिक स्टंड है. लेकिन, जनता अब भाजपा के किसी बातों में आने वाली नहीं है.
नाराज वोटरों को मानने का प्रयास है सम्मलेन: लाल किशोर नाथ शाहदेव
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा चुनाव होने को अब 100 दिन से भी कम समय बचा है. भाजपा की नीतियों से लोग नाराज हैं. ऐसे में नाराज वोटरों को मानना अब भाजपा के लिए एक टेढ़ी खीर बन गया है. इसी को देख रघुवर सरकार लाभुक सम्मेलन कर रही है. नगर विकास विभाग अंतर्गत होने वाले सम्मलेन उसी कड़ी का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में आज देश व राज्य में एक डर का माहौल बन गया है. वहीं भाजपा के विकास वाले झूठे मॉडल से जनता परिचित है. भाजपा तमाम प्रयास कर लें, लेकिन आगामी चुनावी में इस जुमलेबाज सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी.




