
Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कोरोना वैश्विक महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्लाज्मा ऐप लॉन्च किया है. इससे कोरोना के मरीज आसानी से ऐप में जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और प्लाज्मा ले सकते हैं. उन्हें इधर-उधर परेशान होने की जरूरत नहीं है.
मौके पर विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि हमारे युवाओं के रक्तदान से अनेकों की जिंदगी बचायी गयी है लेकिन मौजूदा हालात में प्लाज्मा देने वाले की जरूरत है. कोरोना को मात देने वाले युवाओं को दूसरों की जिंदगी सुरक्षित करनी चाहिए. ज्यादा से ज्यादा युवा इस ऐप में रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं जिससे कोरोना संक्रमित मरीजों की जान आसानी से बचाई जा सकती है.
जिस रफ्तार से कोरोना बढ़ता जा रहा है वैसे में प्लाज्मा थेरेपी ही कारगर है. जो मरीज कोरोना से अभी-अभी ठीक हुआ है उसके शरीर में एंटीबॉडी बना होता है. ऐसे व्यक्ति के खून में से प्लाज्मा निकाला जाता है और प्लाज्मा में मौजूद एंटीबॉडी जब किसी दूसरे मरीज में डाला जाता है तो बीमार मरीज में वायरस कमजोर होने लगता है और वह स्वस्थ हो जाता है.
उन्होंने कहा कि वे लगातार मरीजों की सेवा कर रहे हैं और नए नए तरीके से लोगों को लाभ पहुंचा रहे हैं. हमारे पास पर्याप्त सिलेंडर से लेकर मेडिसिन उपलब्ध है. गौरतलब है कि उन्होंने 3 महीने का सैलरी भी मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का काम किया. साथ ही अपने विधायक निधि से 25 लाख रुपए देने का भी काम किया. उन्होंने कहा कि मेरा एकमात्र मकसद है लोगों की सेवा करना और यही कारण है कि मैं लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर मरीजों का हरसंभव इलाज कर रहा हूं.




