
Ranchi: सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता (सीजीएल)-2023 के तहत 21 व 22 सितंबर को ली गयी परीक्षा में गड़बड़ियों की सीबीआइ जांच को लेकर दायर प्रकाश कुमार एवं अन्य की जनहित याचिका की सुनवाई झारखंड हाइकोर्ट में हुई. मामले में आज महाधिवक्ता राजीव रंजन ने पक्ष रखा, अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को प्रार्थियों की ओर से पक्ष रखा जाएगा. कोर्ट ने अगले आदेश तक पूर्व में पारित अंतरिम आदेश (स्टे) को बरकरार रखा है. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान व जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की. महाधिवक्ता राजीव रंजन ने कोर्ट को को बताया कि उक्त परीक्षा में क्वेश्चन पेपर लीक होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं.सीआइडी की जांच में अभी तक किसी तरह के पेपर लीक की बात सामने नहीं आयी है. किसी ने क्वेश्चन पेपर को नहीं देखा था. कुछ संभावित क्वेश्चन के मिलने से क्वेश्चन पेपर लीक होने का अंदेशा जताया जा रहा था. संतोष मस्ताना नामक व्यक्ति से दोबारा पूछताछ हुई है, लेकिन क्वेश्चन पेपर लीक होने का कोई मामला अब तक प्रतीत नहीं हुआ. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरावाल और अधिवक्ता प्रिंस कुमार उपस्थित थे.सफल अभ्यर्थियों की ओर से वरीय अधिवक्ता वी मोहाना, गोपाल शंकर नारायणन और अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने पक्ष रखा. उल्लेखनीय है कि प्रार्थी प्रकाश कुमार व अन्य की ओर से जनहित याचिका दायर की गयी है. सीजीएल परीक्षा रद्द करने तथा पूरे मामले की सीबीआइ जांच कराने की मांग की है. परीक्षा में पेपर लीक, पेपर का सील खुला होना, बड़ी संख्या में प्रश्नों को रिपीट करने जैसी गड़बड़ी हुई है. सीजीएल परीक्षा-2023 में 3,04,769 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. विभिन्न विभागों में 2025 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति होनी है.




