
New Delhi: दिल्ली पहुंचने की कोशिश में लगे किसानों के उग्र प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के समर्थन में पोस्ट किया है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, किसान भाइयों आज ऐतिहासिक दिन है.
कांग्रेस ने हर किसान को फसल पर स्वामीनाथन कमीशन के अनुसार MSP की कानूनी गारंटी देने का फैसला लिया है. यह कदम 15 करोड़ किसान परिवारों की समृद्धि सुनिश्चित कर उनका जीवन बदल देगा. न्याय के पथ पर यह कांग्रेस की पहली गारंटी है.
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी और राष्ट्रपति नाहयान ने की शुरुआत, अब यूएई में भी चलेगा UPI RuPay Card
राहुल गांधी ने एक जनसभा में भी यही बात दोहराई और कहा कि किसान कुछ और नहीं मांग रहे हैं. वह अपना हक ही मांग रहे हैं. इसी मांग के लिए वह दिल्ली की ओर जा रहे हैं तो उन्हें रोका भी जा रहा है. राहुल गांधी ने कहा, ‘स्वामीनाथन जी ने अपनी रिपोर्ट में साफ कहा है कि किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी मिलनी चाहिए.
मैं यहां यह कहना चाहता हूं कि INDIA अलायंस की सरकार बनेगी तो हम स्वामीनाथन जी की रिपोर्ट पर अमल करेंगे. हम आपको MSP की गारंटी देंगे.’ यही नहीं राहुल गांधी ने कहा कि यह तो हमने पहली बात ही कही है.
हमारा घोषणा पत्र बन रहा है और उसमें हम किसानों एवं मजदूरों के लिए बहुत सी बातें ला रहे हैं. इस तरह राहुल गांधी ने साफ कर दिया कि किसानों की MSP की मांग को कांग्रेस पार्टी चुनावी मुद्दा बनाएगी. इससे पहले सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन जैसे मसले पर भी कांग्रेस वादा कर चुकी है.
कांग्रेस के पास किसी खास वर्ग का वोट नहीं बचा है. ऐसे में वह किसान, कर्मचारी और मजदूरों के नाम पर चुनाव में उतरने की रणनीति पर काम कर रही है. राहुल गांधी ने भी अपने वादे में इसकी झलक दे दी.
उन्होंने MSP गारंटी कानून की बात कहकर 15 करोड़ परिवारों को फायदे का जिक्र किया. साफ है कि कांग्रेस इस वादे के जरिए एक बड़ी आबादी को टारगेट करने का प्लान कर रही है. इसके अलावा लाखों परिवार देश में ऐसे हैं, जो सरकारी नौकरियों से जुड़े हैं. ऐसे में उनके लिए पुरानी पेंशन लागू करने का वादा भी अहम हो सकता है.
इसे भी पढ़ें- पीएमओ के प्रिंसिपल सेक्रेटरी का OSD बन IG से मिलने पहुंचा, हुआ गिरफ्तार




