
Ranchi: रांची में तैनात आईजी से पीएमओ के प्रिंसिपल सेक्रेटरी पीके मिश्रा का OSD बन कर मिलने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. एक आरोपी को डोरंडा थाना पुलिस ने जेल भेज दिया है. जेल भेजा गया आरोपी मनीष कुमार लोहरदगा का रहनेवाला है. वर्ष 2022 में लोहरदगा में मनीष का भाई बकरी चोरी के आरोप में स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ा था. हालांकि काफी मान मनौवल के बाद उसे छोड़ दिया गया था. मनीष के मोबाइल की छानबीन में इस बात की जानकारी पुलिस को मिली.
जानकारी के अनुसार सोमवार को मनीष साहू और अन्य तीन युवक पीएमओ के प्रिंसिपल सेक्रेटरी का ओएसडी बन आइजी से मिलने पहुंचे थे. इससे पहले मनीष देवड़ी मंदिर पूजा करने पहुंचा. लौटने के बाद आईजी ऑफिस पहुंच मनीष ने अपना विजिटिंग कार्ड भेजवाया. मनीष का विजिटिंग कार्ड देख आइजी को शक हुआ.
उन्होंने पीएमओ से संपर्क कर मनीष साहू नामक व्यक्ति के बारे में पता किया तो पता चला कि इस नाम का कोई भी पीएमओ में प्रिंसिपल सेक्रेटरी का ओएसडी नहीं है. इसके बाद मामले की सूचना डोरंडा थाना को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. इसके बाद मंगलवार को मनीष साहू को जेल भेज दिया गया. हिरासत में लिए गए अन्य तीन से पुलिस पूछताछ कर रही है.




