
- हेमंत सरकार के एक साल पूरे होने पर 29 को होगा भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम, जायजा ले मुख्यमंत्री ने दिये कई निर्देश
Ranchi : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार आगामी 29 दिसंबर को एक साल पूरा कर रही है. इस अवसर पर राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में एक भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाना है. सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा की पूरी तैयारी की गयी है.
कार्यक्रम की तैयारी की स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार दोपहर को मोरहाबादी मैदान पहुंचे. मुख्यमंत्री ने तैयारियों के संबंध में बिंदुवार पूरी जानकारी उपस्थित अधिकारियों से ली और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. हेमंत ने कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अतिथियों, लाभुकों एवं आमजनों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने सभी अतिथियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था, एलइडी स्क्रींस को सुनियोजित ढंग से लगाने का निर्देश भी दिया. निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, कार्मिक सचिव अजय कुमार सिंह, पर्यटन सचिव पूजा सिंघल, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे, खेल निदेशक जिशान कमर, रांची डीसी छवि रंजन सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – पलामू : मेडिकल कालेज अस्पताल परिसर में नवजात के शव को एक घंटे तक नोचता रहा कुत्ता, सूचना के बाद अफरा-तफरी में हटाया शव
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ 3000 लोग समारोह में रहेंगे उपस्थित
अधिकारियों ने हेमंत को बताया कि राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन दोपहर 12:30 से किया जाएगा. कोरोना संक्रमण को देख सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कार्यक्रम स्थल में लगभग 3,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है. इस समारोह से राज्य के सभी जिले लाइव जुड़े रहेंगे.
सीएम सचिवालय की मानें, तो कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले लोगों को निमंत्रण कार्ड रविवार से भेजा जा रहा है.वहीं मीडियाकर्मियों के लिए इंट्री पास की व्यवस्था की गयी है. रविवार को ही जिला जनसंपर्क कार्यालय में सभी मीडिया संस्थानों से पास के लिए फॉर्म लिया गया है.
इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एवं इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का भी निरीक्षण किया. उन्होंने इन स्टेडियमों के रखरखाव एवं मेंटेनेंस संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
इसे भी पढ़ें – क्रिसमस मनाने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए मुर्गी व्यवसायी से की थी लूटपाट, दो गिरफ्तार
12 डीएसपी के साथ 1000 जवान संभालेंगे समारोह स्थल का जिम्मा
जिला प्रशासन की मानें तो मोरहाबादी मैदान की सुरक्षा में 1000 जवानों सहित दर्जनों डीएसपी और दरोगा की तैनात की जानी है. समारोह की सुरक्षा का जिम्मा में 12 डीएसपी और 30 इंस्पेक्टर की तैनाती की जानी है. सरकार के एक साल पूरे होने के लिए आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के ठीक पहले राजधानी के विभिन्न इलाकों में वृहद पैमाने पर चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे है. अलग से कई जोन में डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की गयी है, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रह सके. मोरहाबादी मैदान में बने कार्यक्रम स्थल की पूरी तरह से निगरानी की जा रही है. बिना जांच और पास के एंट्री नहीं दी जा रही है.
2500 करोड़ तक की योजनाओं को हरी झंडी दिखाने के साथ कई संस्थाओं को होंगे सम्मानित
सरकार के एक साल पूरे होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम हेमंत करीब 2500 करोड़ से अधिक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इसके साथ हेमंत 5 लाख से अधिक लाभुकों के बीच परिसंपतियों का भी वितरण करेंगे. वहीं कोरोना काल में बेहतर कार्य करने वाले संस्थाओं को भी सीएम सम्मानित करेंगे.
राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी
झारखंड सरकार के एक साल पूरा होने के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है. रांची पुलिस की ओर से 29 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर एक हजार अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है. इसके अलावा 12 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर की भी प्रतिनियुक्ति की गई है.
एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कार्यक्रम स्थल के अलावा पूरे शहर की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है. अलग-अलग जोन में बांटकर सुरक्षा की जिम्मेवारी दी गई है. इसके लिए कई जोन में डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की गई है।ताकि पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहे.
कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन कैमरा से निगहबानी होगी, जबकि कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं जिनकी कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जाएगी. कार्यक्रम स्थल पर बिना जांच और पास के एंट्री नहीं दी जा जाएगी. 29 दिसंबर को समारोह स्थल पर आने वाले लोगों की चेकिंग की जाएगी.
शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इसके तहत मंगलवार सुबह छह से रात दस बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. इस संबंध में ट्रैफिक एसपी अजित पीटर डुंगडुंग ने आदेश जारी किया है.
जारी आदेश के अनुसार बड़े वाहनों का बूटी मोड़ से बरियातू होते हुए और अन्य रास्तों से शहर में प्रवेश वर्जित है. बूटी मोड़ से बरियातू मार्ग में छोटे वाहन करमटोली चौक से जेल चौक की ओर परिचालन कर सकेंगे. बोड़ेया रोड से आने वाले छोटे वाहन करमटोली चौक से जेल चौक की ओर जा सकेंगे और बरियातू रोड होकर बूटी मोड़ भी जा सकेंगे. इसी प्रकार जेल चौक की तरफ से आने वाले छोटे वाहन करमटोली चौक होते हुए बरियातू के रास्ते बूटी मोड़ जा सकेंगे. समारोह स्थल पर पहुंचने के लिए 18 ड्रॉप गेट बनाए गए हैं. इन ड्रॉप गेट से केवल पास वाले वाहन ही प्रवेश कर पाएंगे.
इन जगहों पर बनाए गए हैं ड्रॉप गेट -स्टेट गेस्ट हाउस मोड़ के पास
-रांची कॉलेज मोड़ के पास
-सिदो-कान्हू मोड़ के पास
-दीनदयाल नगर मधु कोड़ा आवास के पास
-एटीआई मोड़
-उपायुक्त आवास की तरफ से मोरहाबादी जाने वाले मार्ग पर
-दीनदयाल नगर की तरफ से उपायुक्त आवास होकर मोरहाबादी जाने वाले मार्ग पर
-उपायुक्त आवास से आगे मोड़ पर
-शिबू सोरेन के आवास के पास
-आर्मी मैदान के सामने
-सब्जी बाजार मोड़ के नजदीक
-मोरहाबादी मंदिर के बगल वाला मार्ग पर
-ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट मोड़ पर
-बिजली ऑफिस के बगल में ट्रांसफॉर्मर मोड़ के पास
-मान्या पैलेस के सामने
-रजिस्ट्री ऑफिस के सामने कट के नजदीक
-रजिस्ट्री ऑफिस से मोरहाबादी मैदान की तरफ जाने वाला रास्ते में
-स्टेट गेस्ट हाउस के बगल दिनदयाल नगर की तरफ से आने वाले मार्ग पर
यहां तक ही पहुंच सकते है बड़े वाहन
गुमला सिमडेगा से रांची -आई टी आई मोड़
जमशेदपुर से रांची -दुर्गा सोरेन चौक नामकुम
इसे भी पढ़ें – 48 दिनों का होगा 2021 में हरिद्वार में लगनेवाला कुंभ मेला, कराना होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन




