
Ranchi: कोरोना की दूसरी लहर के दौरान रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी मामले में सीआईडी की टीम ने हिनू चौक स्थित सृष्टि अस्पताल में छापेमारी की है. छापेमारी के दौरान सीआईडी ने सृष्टि अस्पताल से हार्ड डिस्क, कंप्यूटर समेत कई कागजात जब्त की है. रेमडेसिविर की कालाबाजारी के मामले में सीआईडी ने सृष्टि अस्पताल की भूमिका संदिग्ध पाया था. इस मामले में सीआईडी के द्वारा अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर प्रबंधन से जवाब मांगा गया था. जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर सीआईडी ने इस मामले में कार्रवाई की है.
इसे भी पढ़ें : तीन वर्षों तक पीएल खातों में पड़ा रहा 19.13 करोड़ रु, रांची जिप में सबसे अधिक 8.57 करोड़
अस्पताल में दो मरीजों के नाम पर रेमडेसिविर आया था लेकिन अस्पताल में दोनों मरीजों को इंजेक्शन नहीं दिया गया था. सरकार से मिलने के बाद रेमडेसिविर इंजेक्शन को अस्पताल के कर्मचारी ने प्राइवेट अस्पताल को बेच दिया था. आपको बता दें कि रेमडेसिविर के कालाबाजारी के मामले में रांची पुलिस ने राजीव सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इस मामले में राजीव सिंह जमानत पर जेल से बाहर है. इस मामले में सीआईडी के द्वारा ग्रामीण एसपी से भी पूछताछ की गई थी. पूरे मामले की मॉनिटरिंग हाईकोर्ट कर रहा है.




