
Ranchi: इन दिनों कहीं क्रिकेट की चर्चा छिड़ रही है तो अजिंक्य रहाणे पर चर्चा में सबसे आगे रह रहे हैं. मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत ने इनकी छवि बदलने का काम किया है. 36 रनों पर ढेर हो जाने से शर्मिंदगी झेलने वाली टीम ने महज दस दिनों में पलटवार करते हुए मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ बालिंग एटैक को न सिर्फ झेला बल्कि टीम को जीत भी दिलाई. इसमें रहाणे का अहम योगदान रहा. वह मैन ऑफ द मैच भी बने.
क्रिकेट पंडितों ने उनके नेतृत्व की सराहना की. मैदान पर उनके द्वारा लिए फैसलों का सम्मान किया. इतना ही नहीं लोग उनकी शांतचित्त प्रवृत्ति के मुरीद बने. सिर्फ भारतीय ही नहीं ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटरों ने भी उनके इन गुणों को सराहा. कई लोगों ने रहाणे की तुलना टीम इंडिया के नियमित कप्तान विराट कोहली से भी तुलना की और नेतृत्व क्षमता में रहाणे को बीस बताया.
इसे भी पढ़ेंःजदयू के 17 विधायक राजद में आने को तैयारः श्याम रजक
रहाणे कप्तानी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अब तक अजेय रहे हैं. इससे पूर्व दो टेस्ट में कप्तानी कर चुके हैं और दोनों में भारतीय टीम को जीत मिली है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मार्च 2017 में धर्मशाला टेस्ट में रहाणे ने कप्तानी की थी, जिसमें भारतीय टीम ने 8 विकेट से बाजी मारी थी. तब नियमित कप्तान कोहली चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाए थे.
जून 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में विराट कोहली की गैरमौजूदगी में रहाणे को कप्तानी सौंपी गई. भारतीय टीम ने टेस्ट डेब्यू कर रही अफगानिस्तान की टीम को बेंगलुरु में महज दो दिनों में पारी और 262 रनों से हराया था. इन तीन जीत से तय है कि टेस्ट क्रिकेट में रहाणे की राह में अवरोध नहीं है.
दिखाया बड़ा दिल
रहाणे जब पहली पारी में बल्लेबाजी करने आए थे तो टीम मुश्किल में थी लेकिन उन्होंने यहां उन्होंने अपना अनुभव दिखाया. कप्तान ने यहां शानदार शतक जमाया और टीम को मुश्किल से निकाला. 112 रन की पारी खेलने के बाद जब वह रवींद्र जडेजा के साथ तालमेल की कमी की वजह से रन आउट हुए तो गुस्सा नहीं हुए. मैदान से जाते जाते उन्होंने जडेजा को गलती के लिए पछताने की जगह बल्लेबाजी पर ध्यान देने कहा. एक सच्चे नायक की तरह उन्होंने अपने साथी का हौसला बढ़ाया।
मयंक हो सकते हैं बाहर
दूसरे टेस्ट में अजिंक्य की कप्तानी के साथ ही डेब्यू करने वाले शुभमन गिल की बल्लेबाजी की भी तारीफ हो रही है. बेशक, गिल ने बड़ी पारी नहीं खेली, मगर दोनों ही पारियों में 45 और 35 (नाबाद)रन बनाते हुए आत्मविश्वास दिखाया. एसे में यदि तीसरे टेस्ट में रोहित शर्मा की वापसी होती है तो मयंक का बाहर जाना तय माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ेंःभारत में मंडरा रहा है कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन का खतरा, 20 प्रभावित मिले




