
Pune : देश के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Tata) मानवीय कार्य को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं. वह अपने एक बीमार पूर्व कर्मचारी से मिलने मुंबई से पुणे पहुंचे. इसके बाद यह मुलाकात सोशल मीडिया पर छा गई. लोगों ने रतन टाटा की सराहना की. बताया जाता है कि रतन टाटा सिर्फ अपने पूर्व कर्मचारी से मिलने पहुंचे थे. पूर्व कर्मचारी भी उन्हें देखकर हैरान रह गया.
रतन टाटा को पता चला था कि उनका एक पूर्व कर्मचारी पिछले 2 सालों से बीमार है. इसके बाद उन्होंने उस कर्मचारी से मिलने का फैसला लिया और वह पुणे चले गए. पुणे की फ्रेंड्स सोसाइटी में कर्मचारी के निवास पर रतन टाटा ने उससे मुलाकात की. इसके साथ ही रतन टाटा की एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई जिसमें वह उस कर्मचारी से बात करते हुए दिख रहे हैं.
कर्मचारी के करीबी योगेश देसाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि 83 वर्षीय रतन टाटा पुणे में अपने उस कर्मचारी से मिलने गए जो पिछले 2 सालों से बीमार चल रहा है. इसकी भनक मीडिया तक को नहीं थी. रतन टाटा बैगर सुरक्षाकर्मियों के अपने कर्मचारी से मिलने पहुंचे थे.
यहां से निकलते समय रतन टाटा ने पार्किंग में सोसाइटी के अध्यक्ष व उनकी बेटी से बातचीत की. सोसाइटी के अध्यक्ष ने कहा कि उनकी अप्रत्याशित यात्रा ने हमें एसा महसूस करा कि हम ईश्वर से मिल रहे हैं. उनकी बेटी से कहा कि अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, इससे कभी भी विचलित न हों. पिता पुत्री दोनों ने कहा कि वह बगैर संकोच के बेहद सहज होकर बातचीत कर रहे थे.




