
रांची: एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड तथा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रांची के तत्वावधान में आज से “वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन” की शुरुआत हो गई। “शौर्य के कदम—क्रांति की ओर” थीम पर आयोजित यह साइक्लोथॉन महान जनजातीय नायक धरती आबा वीर बिरसा मुंडा की स्मृति को समर्पित है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव की भावना को सशक्त करना है।
साइक्लोथॉन का पहला चरण 18 से 20 दिसंबर तक झारखंड में तीन अलग-अलग मार्गों से होकर निकलेगा। यह चरण उन ऐतिहासिक स्थलों से गुजरेगा, जो वीर बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष से जुड़े रहे हैं। इसमें एनसीसी अधिकारी, स्थायी प्रशिक्षक स्टाफ और एनसीसी कैडेट्स, जिनमें बालिका कैडेट्स भी शामिल हैं, उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। पहले चरण का समापन मोरहाबादी मैदान, रांची में भव्य स्वागत समारोह के साथ होगा।
साइक्लोथॉन का दूसरा चरण 28 दिसंबर 2025 को रांची से नई दिल्ली के लिए रवाना होगा। लगभग 1300 किलोमीटर की यह यात्रा झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गुजरते हुए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेगी। करीब 20 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में चयनित एनसीसी अधिकारी, स्थायी स्टाफ और कैडेट्स शामिल होंगे। इसका समापन जनवरी 2026 में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की रैली के दौरान किया जाएगा।




