
Ranchi : राजधानी रांची में झारखंड पुलिस अब कोरोना से निपटने के लिए सीआरपीएफ की सहायता लेगी. सीआरपीएफ की तैनाती ऐसे स्थानों पर की जायेगी, जहां पब्लिक कांटेक्ट कम है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रांची में तीन कंपनियां सीआरपीएफ की तैनात की जाएगी.
बता दें कि पिछले 1 महीने से राजधानी रांची के कई ऐसे क्षेत्र में पुलिस के जवान लगातार अपनी ड्यूटी दे रहे हैं. ऐसे में उन्हें आराम की जरूरत है. इसी को देखते हुए राजधानी रांची में झारखंड पुलिस सीआरपीएफ की सहायता लेगी.
इस बारे में झारखंड के डीजीपी एमवी राव ने कहा कि कोरोना वायरस के फैलाव को देखते हुए सीआरपीएफ के जवानों की सहायता का फैसला लिया गया है. साथ ही डीजीपी ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाह ना फैलाएं और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट सोशल मीडिया पर बिल्कुल ना करें.
इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में बोले पीएम मोदीः सामूहिक प्रयास का मिला लाभ
लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन है अलर्ट
राज्य में लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है. लोगों से लॉकडाउन का अनुपालन भी करा रही है. ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके. वहीं दूसरी ओर इस लॉकडाउन में जो लोग फंसे हैं, उनकी मदद करने का भी पूरा प्रयास झारखंड पुलिस की ओर से किया जा रहा है. लॉकडाउन में राज्य के सभी हिस्से में गरीब, असहाय और जरूरतमंदों तक झारखंड पुलिस खाना और जरूरी सामान पहुंचा रही है.
इसे भी पढ़ें – बड़ा बदलाव : सऊदी अरब ने कोड़े लगाने की सजा और नाबालिगों के लिए सजा-ए-मौत खत्म की
झारखंड में ढाई गुना रफ्तार से बढ़ रहा कोरोना
झारखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है. स्थिति यह है कि पिछले आठ दिनों में यहां कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर दोगुनी से भी अधिक हो गयी. कुल 24 जिलों में से अबतक 10 जिलों में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की जा चुकी है.
झारखंड में कोरोना के संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. देश में 10 दिनों में मरीज दोगुने हो रहे हैं. झारखंड में 18 अप्रैल को कोरोना मरीजों की संख्या महज 35 थी.
वहीं 26 अप्रैल तक यह संख्या बढ़कर 84 हो गयी है. राज्य में रविवार को एक दिन में सबसे ज्यादा कुल 16 पॉजिटिव केस मिले. इनमें पांच नर्स समेत 13 मरीज सिर्फ रांची से मिले हैं. राज्य के 24 जिलों में 10 जिलों में कोरोना के केस मिल चुके हैं.
वहीं नये संक्रमित जिलों में जामताड़ा की एंट्री हुई है. रविवार देर रात यहां एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है. 10 जिलों में रांची में 56, बोकारो में 10, पलामू में 03, हजारीबाग में 03, धनबाद में 02, गिरिडीह में 02, सिमडेगा में 02, देवघर में 02, जामताड़ा में 01 और गढ़वा में तीन मरीज मिले हैं. कुल 84 कोरोना पॉजिटिव में से 66 एक्टिव केस हैं, जबकि 14 मरीज ठीक हो चुके हैं और 02 मरीजों की मौत हो चुकी है.




