2nd LeadJharkhandRanchi

Ranchi : मेयर ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र, सेवा समाप्ति के बाद किसके आदेश पर काम करते रहे सहायक अभियंता

 

Ranchi : नगर निगम के सहायक अभियंता शिव शंकर कुमार का विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है. मेयर ने कहा कि 05.06.2021 को नगर आयुक्त को पत्र के माध्यम से रांची नगर निगम में संविदा पर कार्यरत 6 कनीय अभियंता, 6 सहायक अभियंता, 13 कंप्यूटर ऑपरेटर व प्रोग्रामर के कार्य विस्तार के लिए पत्र लिखा गया था, परंतु नगर आयुक्त ने इस पत्र का कोई जवाब नहीं दिया. यदि नगर आयुक्त इस मामले पर विचार करते तो आज सहायक अभियंता शिव शंकर कुमार के कार्य विस्तार से संबंधित प्रस्ताव पर रोक लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती.

मेयर ने कहा कि मैं झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 में निहित प्रावधानों के तहत कार्य करती हूं और आने वाले समय में भी करती रहूंगी. उन्होंने कहा कि सहायक अभियंता शिव शंकर कुमार की सेवा मार्च 2021 में ही समाप्त हो चुकी है. फिर भी वे अगस्त माह तक किसके आदेश से काम करते रहे.

 

मामले को तूल दे रहे नगर आयुक्त

उन्होंने कहा कि क्या संबंधित शाखा के अधिकारी को यह जानकारी नहीं होती है कि संविदा पर नियुक्त किस अधिकारी या कर्मचारी की सेवा अवधि कब समाप्त हो रही है? क्या इस विषय को लेकर मेयर को यह जानकारी उपलब्ध करानी होगी कि संविदा पर नियुक्त अधिकारियों व कर्मियों की सेवा अवधि समाप्त हो रही है. फिर भी मैने नगर आयुक्त को पत्राचार कर इस मामले की जानकारी दी, परंतु उन्होंने इस मामले पर समय रहते गंभीरता से कन नहीं किया. मेयर ने कहा कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के धारा-55 के तहत नगर विकास विभाग के माध्यम से रांची नगर निगम में कई अधिकारियों व कर्मचारियों को संविदा के आधार पर नियुक्त किया गया है. जिनकी सेवा अवधि फरवरी 2021 में समाप्त हो चुकी है. फिर भी कार्य विस्तार दिए बिना उनसे कार्य कराया जा रहा है. सिर्फ यही नहीं कार्य विस्तार दिए बिना उन्हें निर्धारित मानदेय का भुगतान भी किया जा रहा है. इस लापरवाही के प्रति जिम्मेदार कौन है. फिर भी नगर आयुक्त अधिकारियों के माध्यम से इस मामले को तूल दे रहे हैं.

 

सेवा समाप्त वालों से काम बंद करने को कहा

मेयर ने नगर आयुक्त को निर्देश देते हुए कहा है कि रांची नगर निगम के विभिन्न शाखाओं में संविदा पर कार्यरत वैसे अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची प्राप्त करें, जिनकी सेवा अवधि समाप्त हो चुकी है. संविदा पर कार्यरत जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की सेवा अवधि समाप्त हो चुकी है, वे स्वतः काम करना बंद करें, क्योंकि सेवा अवधि समाप्त होने की तिथि के बाद उन्हें किसी प्रकार का भुगतान रांची नगर निगम के माध्यम से नहीं किया जा सकता. साथ ही मेयर ने कहा कि रांची नगर निगम के जिन शाखाओं में संविदा पर अधिकारी या कर्मचारी कार्यरत हैं, उनकी सेवा अवधि कब समाप्त हुई. इसकी जानकारी संबंधित शाखा के अधिकारी ने क्यों नहीं दी। इसलिए संबंधित शाखा के अधिकारियों की लापरवाही को देखते हुए उनपर उचित कार्रवाई की जाय.

 

इसे भी पढ़ें : रांची : विधायक की अगुवाई में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिला

Related Articles

Back to top button