
RANCHI: झारखंड पुलिस ने राज्य में सक्रिय पीएलएफआई के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है, सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ लगातार सफलता मिल रही है. बीते शनिवार को चाईबासा जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में पिडुंग बड़ा केसल जंगल में सुबह हुई मुठभेड़ में पुलिस को भारी पड़ता देख पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप जान बचा कर भाग निकला. लेकिन पुलिस ने दिनेश गोप के भरोसेमंद साथी और कुख्यात नक्सली शनीचर सुरीन को मुठभेड़ में मार गिराया.

मुठभेड़ के बाद खूंटी पुलिस और सीआरपीएफ 94 बटालियन की टीम ने कार्रवाई करते हुए जंगल में सर्च अभियान शुरू किया. सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिसकर्मियों ने जो देखा उनकी आंखे फटी की फटी रह गई. पुलिस को एकबारगी यकीन करना मुश्किल हो रहा था. मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने हाईस्पीड आठ बाइक बरामद किये. बरामद बाइक में पल्सर, CBZ एक्सट्रीम जैसे मॉडल शामिल हैं.

इसके अलावा जो सबसे चौकाने वाला था वो था PLFI सुप्रीमो दिनेश गोप की रॉयल एनफील्ड हिमालयन बाइक. जंगल में नक्सलियों के पास इतनी महंगी गाड़ी देख लोग हैरान रह गए. कुख्यात दिनेश गोप इसी रॉयल एनफील्ड हिमालयन बाइक से जंगलों की सैर करता है. बाइक के नंबर प्लेट पर आज भी अप्लाई फॉर्म AF लिखा हुआ है. बरामद बाइक से ये तो साफ है कि नक्सली जंगलों में हाईस्पीड बाइक का शौक रखते हैं. जानकारी के लिए आपको बता दें कि दिनेश गोप की जो बाइक बरामद हुई है उसकी कीमत रांची में करीब दो लाख से शुरु होती है.
पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र पोड़ाहाट जंगल में सक्रिय पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप पर झारखंड पुलिस ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है.

सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी
खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा सहित कई जिलों में आतंक का पर्याय बन चुका 10 लाख का इनामी पीएलएफआई उग्रवादी शनीचर सुरीन को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. मुठभेड़ के बाद चलाये गये सर्च ऑपरेशन में 9 एमएम की एक पिस्टल, 7.65 एमएम की पिस्टल, एक वायरलेस सेट, छह स्मार्ट फोन, आठ बाइक समेत कई नक्सली सामान बरामद किए गए.
कई कांडों में शामिल था शनीचर
मुठभेड़ में मारा गया शनीचर सुरीन पर विभिन्न थानों में दर्ज हैं. 84 मामले जोनल कमांडर के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, आगजनी, पुलिस दल पर हमला, लेवी वसूली, उग्रवादी घटनाओं को लेकर मुरहू, तोरपा, तपकारा, गुदड़ी, रनिया, खूंटी, बंदगांव, सोनुवा, गुमला, कमडारा सहित कई थानों में 84 से अधिक मामले दर्ज हैं. लंबे समय से पुलिस को शनीचल की तलाश थी.




