
Ranchi :14 सालों से फरार चल रहा है कुख्यात अपराधी तौकीर आलम की गिरफ्तारी के बाद रांची के जाने-माने कारोबारी रहे राजू धानुका हत्याकांड की बन्द पड़ी फाइल एक बार फिर खुलने वाली है. 25 लाख के सोना लूट मामले में तौकीर को रांची पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. अरगोड़ा में सोने के जेवरात लूटकांड में गिरफ्तार शार्प शूटर तौकीर आलम से पूछताछ की जा रही है.
अपराध की दुनिया में बड़ा नाम था तौकीर
सीआईडी और रांची पुलिस की एक टीम रिम्स पहुंच कर पूछताछ कर चुकी है. चूंकि भागने की कोशिश में पैर टूट जाने की वजह से तौकीर रिम्स के कैदी वार्ड में भर्ती है. उससे पूछताछ में कई नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है. आशंका जताई जा रही है कि राजू धानुका हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता की जानकारी मिल सके. तौकीर का अपराध की दुनिया में बड़ा नाम था. वह पुलिस की फाइलों में भगोड़ा साबित हो चुका था.
साल 2009 में हुई थी राजू धानुका की हत्या
साल 2009 में रांची के कोतवाली इलाके में राजू धानुका की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. पुलिस की तहकीकात में यह बात सामने आई थी कि धानुका की हत्या कुख्यात भोला पांडे के गिरोह के द्वारा अंजाम दिया गया था. मामले में कई सफेदपोश लोगों के नाम सामने आए थे, हालांकि उनमें से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई.
इसे भी पढ़ें: Ranchi: ठगी के आरोपी को पकड़ने घर पहुंची पुलिस तो छत से कूद गया, पहुंचा रिम्स
लेकिन सबसे हैरानी की बात यह है कि धानुका हत्याकांड में जितने भी बड़े अपराधियों के नाम आए उनमें से अधिकांश या तो एनकाउंटर में मारे गए या फिर किसी न किसी अपराधी के द्वारा मार दिए गए. धानुका की हत्या करने में भोला पांडेय ,किशोर पांडे ,लखन सिंह ,सोनू इमरोज, अमर सिंह, कृष्णा और तौकीर का नाम सामने आया था.
तौकीर को जल्द रिमांड में लेगी रांची पुलिस
तौकीर को रांची पुलिस जल्द ही रिमांड पर लेगी. तौकीर पिछले 14 सालों से फरार चल रहा था. पुलिस को यह उम्मीद भी नहीं थी कि सोना लूट कांड का मास्टरमाइंड तौकीर आलम है. उसके गिरफ्तारी से पुलिस को राजधानी रांची में 15 वर्ष पूर्व हुए कई हत्याकांड में नए खुलासे की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा: छत्तीसगढ़-झारखंड को जोड़ने वाले कनहर नदी पर होगा पुल का निर्माण, राज्य सरकार ने दी मंजूरी




