
Ranchi: रांची के खेलगांव ओपी के क्षेत्र के होटवार स्थित सीआरपीएफ कैंप में दो जवानों के मारे जाने की खबर है. दरअसल, सोमवार की सुबह कंपनी कमांडर और सीआरपीएफ जवान के बीच कहासुनी हो गयी.
जिसके बाद सिपाही ने कंपनी कमांडर को पहले गोली मारी फिर खुद को भी गोली मार कर जान दे दी.
दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ेंः#KarnatakaBypolls: मतों की गिनती जारी, परिणाम तय करेगा येदियुरप्पा सरकार का भविष्य
कंपनी कमांडर और जवान के बीच हुई थी बहस
मिली जानकारी के अनुसार, खेलगांव थाना के क्षेत्र के होटवार स्थित सीआरपीएफ कैंप में झारखंड विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने छत्तीसगढ़ से आए सशस्त्र बल के जवान और कंपनी कमांडर के बीच सोमवार को कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि सशस्त्र बल के जवान ने गुस्से में आकर अपनी सर्विस राइफल से पहले कमांडर को गोली मार दी, उसके बाद खुद को गोली मार ली. जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई.

दोनों मृतक जवान छतीसगढ़ सशस्त्र बल 4 बटालियन बी कंपनी के जवान थे. कंपनी कमांडर का नाम मेला राम कुर्रे बताया जा रहा है. वहीं दूसरे जवान का नाम विक्रम राजवाड़े है.
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था.
इसे भी पढ़ेंः#Jamshedpur: डिमना चौक के पास आपसी रंजिश में फायरिंग, दो लोग घायल




