
Ranchi: राजधानी रांची में जमीन के लिए होती हत्याओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. बीते कुछ दिनों में एक के बाद एक कई हत्याओं के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया जा रहा है. वहीं जमीन की लड़ाई ने एक और शख्स की जान ली है. डोरंडा थाना क्षेत्र बड़ा घाघरा में जमीन विवाद के चलते अरुण किस्पोट्टा नाम के व्यक्ति को शुक्रवार को गोली मार दी गई. जिसके बाद उसे घायल अवस्था में रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी आज सुबह मौत हो गई.
शुक्रवार की रात मारी गोली

मिली जानकारी के मुताबिक, डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा के रहने वाले अरुण किस्पोट्टा का कुछ लोगों से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था. बताया जा रहा है कि हमले से पहले उन्हें धमकी भी दी गई थी. वहीं शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने उनपर हमला कर दिया. गोली लगने से घायल अरुण को गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया था. जिनकी इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई.
मामले पर डोरंडा थाना प्रभारी रमेश कुमार सिंह ने बताया कि अरुण किस्पोट्टा की हत्या के पीछे अबतक जमीन विवाद का मसला ही सामने आ रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश जारी है.
इसे भी पढ़ेंः देश का राजस्व घाटा पूरे साल के बजटीय लक्ष्य का 114.8 फीसदी




