
Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 सितंबर को रांची आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष तैयारी की है. पीएम की सुरक्षा में 8 आइपीएस, 54 डीएसपी रैंक के अफसरों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
सुरक्षा की मॉनिटरिंग एसएसपी अनीश गुप्ता खुद करेंगे. सुरक्षा में कोई चूक न हो, इस पर खास ध्यान रखा जा रहा है. इसके लिए 123 इंस्पेक्टर, 656 सब इंस्पेक्टर और 6 हजार पुलिस बल की तैनाती की गई है.
इसे भी पढ़ेंःछठी JPSC का मामला HC में है लंबित लेकिन जारी हो गयी इंटरव्यू की तारीख, मामले पर दें अपनी राय
संदिग्ध लोगों पर रखी जा रही है नजर
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरने वाले दोपहिया-चार पहिया वाहन सवारों पर पैनी नजर रखी जा रही है. किसी व्यक्ति पर संदेह होने पर रोककर उसकी जांच-पड़ताल की जा रही है. एयरपोर्ट के आसपास अभी से पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है.
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल प्रभात तारा मैदान तक सड़क किनारे स्थित ऊंचे भवनों में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे.एसएसपी ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त लगाने और एक-दूसरे के संपर्क में रहने का निर्देश दिया है.
एसपीजी की टीम अपने हाथों में ले लेगी सुरक्षा की जिम्मेदारी
बता दें कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर सोमवार को एसपीजी की टीम रांची पहुंच जायेगी और इसके बाद से सुरक्षा की जिम्मेवारी एसपीजी की टीम अपने हाथों में ले लेगी. कार्यक्रम स्थल के आस-पास एसपीजी की टीम पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी.
इसे भी पढ़ेंः#PMModi के संसदीय क्षेत्र में ‘इज्जत घर’ निर्माण में घोटाला, कागज पर बने 900 शौचालय
इस दौरान वहां किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. 12 सितंबर को प्रधानमंत्री हवाई मार्ग से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से धुर्वा स्थित कार्यक्रम स्थल तक सड़क मार्ग से जाएंगे.
पांच योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 सितंबर को रांची आगमन को लेकर सरकार मुस्तैद है. प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे रांची में रहेंगे. इस दौरान वे पांच योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. पीएम मोदी दिन के 11 बजे रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वहां से सीधे नवनिर्मित विधानसभा भवन परिसर जाएंगे और उसका अवलोकन करेंगे.
इसके बाद सेंट्रल हॉल में सभी विधायकों से मिलेंगे तथा नये विधानसभा को लेकर एक डाक टिकट जारी करेंगे. इस बीच वे बड़े स्क्रीन पर पूरे विधानसभा भवन की बनावट और व्यवस्था देखेंगे. वहां से पीएम मोदी जगन्नाथ मैदान में प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे.




