
Ranchi: दिल्ली में सोनिया गांधी से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात के बाद झारखंड से राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर पर्दा उठने लगा है. विभिन्न स्रोतों से मिल रहे संकेत इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि महागठबंधन से इस बार कांग्रेस का प्रत्याशी होगा. जिसकी घोषणा कभी भी हो सकती है. शनिवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर गहन मंत्रणा हुई. इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मैंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और उन्हें राज्यसभा चुनाव के बारे में जानकारी दी. कहा कि झारखंड में भी राज्यसभा की दो सीटें हैं, हमने इस विषय पर चर्चा की, उन्हें अवगत कराया. मामले की पूरी जानकारी कुछ समय में जारी की जाएगी.
सीएम और सोनिया की मुलाकात के बाद कांग्रेस खेमे में उल्लास
इधर, सीएम और सोनिया की मुलाकात के बाद कांग्रेस खेमे में उल्लास देखा जा रहा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड का एक नेता राज्यसभा जाएगा. हमलोग, सोनिया गांधी क्या कहतीं हैं, उसका अनुकरण करेंगे. झामुमो के साथ सकारात्मक बातें हुईं हैं और मैं कह सकता हूं कि इस बार कांग्रेस का प्रत्याशी होगा. साथ ही उन्होंने आज सुबह 8.54 बजे ट्विट क्या है कि आ रही है कांग्रेस.
प्रत्याशी को लेकर चर्चा का बाजार गरम
कांग्रेस व झामुमो की बैठक के बाद प्रत्याशी को लेकर चर्चा का बाजार गरम है. राजनीतिक गलियारे में कई नाम गूंज रहे हैं. जिसमें कांग्रेस के पूर्व प्रभारी अजय माकन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, राजीव शुक्ला के नाम प्रमुखता से बताए जा रहे हैं. सूत्रों से यह भी जानकारी मिल रही है कि झामुमो के पसंद का कोई चेहरा कांग्रेस के चिह्न पर राज्यसभा जा सकता है. इसमें हैदराबाद के एक व्यवसायी और एक बिल्डर का नाम सामने आ रहा है.
झामुमो कर चुका प्रबल दावेदारी
मालूम हो कि राज्यसभा चुनाव को लेकर शनिवार को झामुमो की मैराथन बैठक मोर्चा प्रमुख शिबू सोरेन के नेतृत्व में हुई थी. बैठक के बाद झामुमो ने साफ कहा था कि प्रत्याशी झामुमो से ही होगा. साथ ही यह भी कहा था कि इसको लेकर कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन कांग्रेस अध्यक्ष से मिलेंगे. सूत्रों के अनुसार झामुमो की बैठक में गुरु जी ने अपने विधायक पुत्र बसंत सोरेन की पत्नी लता सोरेन को प्रत्याशी बनाने की वकालत की थी. ऐसे पूर्व बतौर झामुमो प्रत्याशी कल्पना सोरेन और सुप्रियो भट्टाचार्या के नाम आगे चल रहे थे.




