
National News, India-Nepal Train Service, Eight Years, Booking
India-Nepal Train Service: भारत और नेपाल के बीच एक बार फिर आठ साल बाद ट्रेन सेवा बहाल हो रही है. जयनगर-कुर्था रेलखंड पर शनिवार से ट्रेनों का परिचानल शुरू हो जायेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम शेरबहादुर देउबा संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ कर रहे हैं. दो अप्रैल को उद्घाटन के दिन ये ट्रेन रिजर्व रहेगी और कुछ विशेष लोगों को ही यात्रा की अनुमति रहेगी. जबकि आम लोगों को यात्रा की सुविधा तीन अप्रैल से मिलेगी.
भारत-नेपाल के ही नागरिकों को यात्रा की अनुमति
इस मैत्री ट्रेन सेवा से भारत नेपाल के मधुर रिश्तों को और मजबूती मिलेगी. यह ट्रेन 140 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी और 1100 यात्री इस ट्रेन में एक बार में सफर कर सकेंगे. इस ट्रेन में एक एसी कोच भी रहेगा. ट्रेन में भारत व नेपाल को छोड़कर किसी अन्य देश के नागरिक सफर नहीं कर सकेंगे.
भारत-नेपाल के बीच टिकट जयनगर से जनकपुर स्टेशन तक की यात्रा के लिए नेपाल रेलवे ने नेपाली 60 रुपये किराया रखे हैं जबकि भारत के अनुसार, 37.50 रुपये खर्च होंगे. वहीं जयनगर से कुर्था तक सफर करने वाले यात्रियों को नेपाली 70 रुपये और भारतीय करेंसी के हिसाब से 43.75 रुपये खर्च करने होंगे. इस ट्रेन में एक एसी कोच भी है.जयनगर से कुर्था तक एसी कोच में सफर करने के लिए 300 नेपाली रुपये खर्च करने होंगे. भारतीय करेंसी के हिसाब से 187.50 रुपये का टिकट लगेगा.
फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र साथ रखना होगा
इस ट्रेन सेवा पर नियंत्रण नेपाल रेलवे का रहेगा. केवल भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी. पासपोर्ट साथ ले जाने की अनिवार्यता नहीं रहेगी लेकिन कुछ दस्तावेजों का साथ होना जरुरी है तभी यात्रा की अनुमति दी जाएगी.यात्रियों को फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र साथ रखना होगा.




