National

राहुल बजाज ने कहा- मोदी सरकार के खिलाफ बोलने से डर लगता है, शाह का जवाब- सुधार करेंगे, कांग्रेस BJP पर हमलावर

New Delhi: देश के जाने-माने बिजनेसमैन और बजाज समूह के चेयरमैन राहुल बजाज ने एकबार फिर मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाये हैं. उनके बयान के बाद से सियासत भी गरम है. राहुल बजाज के बयान को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है. वहीं बीजेपी अपने बचाव में तरह-तरह की दलीलें दे रही हैं.

इसे भी पढ़ेंः#JharkhandElection: आखिरी वक्त पर रद्द हुईं अमित शाह की सभायें, पहले भी कम भीड़ से हुए थे नाराज

दरअसल, शनिवार को एक अखबार के कार्यक्रम में बजाज समूह के चेयरमैन राहुल बजाज ने कहा था कि जब यूपीए की सरकार थी, तो हम किसी की भी आलोचना कर सकते थे. अब हम अगर आपकी खुले तौर पर आलोचना करें तो इतना विश्वास नहीं है कि आप इसे पसंद करेंगे.

जब राहुल बजाज ने ये बातें कही तो देश के गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी वहां मौजूद थीं. गौरतलब है कि जुलाई में भी राहुल बजाज ने ऑटो सेक्टर में आई मंदी को लेकर मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा था.

ऐसा है तो स्थिति में सुधार करेंगे- शाह

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने तुरंत उद्योगपति राहुल बजाज की शंकाओं का जवाब देते हुए कहा कि मोदी सरकार की मीडिया लगातार आलोचना करती है. लेकिन फिर भी आप ऐसा कह रहे हैं, तो हम स्थिति को सुधारने के लिए काम जरूर करेंगे. मोदी सरकार के काम में पारदर्शिता की बात करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अगर गुणवत्ता के आधार पर सरकार की आलोचना होती है तो हम उसके आधार पर सुधार की कोशिश करते हैं. हालांकि, किसी को किसी से डरने की जरूरत नहीं है.

बयान पर कांग्रेस हमलावर

उद्योगपति राहुल बजाज के ‘डर का माहौल’ संबंधी बयान को लेकर लगातार सियासी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कांग्रेस जहां उनके समर्थन में उतर आई है.

कांग्रेस ने रविवार को केन्द्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी भावनाएं देशभर की साझी भावना है. पार्टी ने कहा कि सामंजस्य के बिना कोई कैसे निवेशकों के आने की उम्मीद कर सकता है.

बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अर्थव्यवस्था पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन में कहा था कि कई उद्योगपतियों ने उन्हें बताया हैं कि वे सरकारी अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न के डर में रहते हैं.

इसे भी पढ़ेंः#WestBengal : मुख्यमंत्री आवास के पास दुष्कर्म, भाजपा ने ममता को घेरा

सिंह के इस बयान के एक दिन बाद बजाज का यह बयान सामने आया था.

बजाज के बयान के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पत्रकारों से कहा कि राहुल बजाज ने जो कहा, वह देशभर में हर क्षेत्र की साझी भावना है.

उन्होंने कहा, ‘यदि एक समाज में, एक देश में, एक शहर में सामंजस्य नहीं है तो आप कैसे यह उम्मीद कर सकते हैं कि निवेशक आयेंगे और अपना पैसा वहां लगायेंगे. पैसा केवल वहीं निवेश किया जाता है जहां वह बढ़ सकता है और जहां उसके कई गुणा बढ़ने की उम्मीद हो सकती है.’

उन्होंने कहा, ‘‘और यह केवल उन क्षेत्रों में बढ़ सकता है जहां शांति, सद्भाव, पारस्परिक निर्भरता और खुशी का माहौल हो.’’

कांग्रेस के एक अन्य प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि काफी समय बाद कॉरपोरेट जगत से किसी व्यक्ति ने सत्ता के बारे में कुछ सच बोलने का साहस दिखाया है.

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, ‘भारतीय कॉरपोरेट विज्ञापन उद्योग में सबसे प्रसिद्ध टैगलाइनों में से एक है कि ‘आप बजाज को हरा नहीं सकते हैं.’ अमित शाह को भी पता चल गया है कि आप बस एक बजाज को चुप नहीं करा सकते हैं. हमारा बजाज ने बैंड बजा दिया.’

वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजाज के बयान को राष्ट्रहित पर चोट बताया है.

इसे भी पढ़ेंः#facebook पर Fake ID से नाबालिग को फंसाया, धर्म बदलवाकर किया निकाह, ढाई साल से बना रखा था बंधक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button