
Hathras : उत्तरप्रदेश के हाथरस जिले में अन्य कई राज्यों से आए 35 कोरोना संदिग्ध को क्वांटेराइन सेंटर पर रखा गया था. जहां से वो लोग रात के समय अवसर देखकर फरार हो गये. हालांकि इसके बाद छह लोग बाद में वापस आ गये.
लेकिन 29 संदिग्ध अभी भी गायब बताए जा रहे हैं. अस्पताल प्रबंधन ने इसके बाद 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है.
इसे भी पढ़ेंः #CoronaUpdates : झारखंड में मिला कोरोना का दूसरा मरीज, हजारीबाग का व्यक्ति पाया गया पॉजिटिव
जयपुर में और 13 लोगों में संक्रमण की पुष्टि, बुजुर्ग की मौत
इधर, राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 13 नये मामलों की पुष्टि हुई है. इनमें से सात जयपुर शहर के रामगंज क्षेत्र से हैं. राज्य में अभी तक 133 लोगों के वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इस बीच कोविड-19 के मरीज 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गयी है.
राज्य में संक्रमित कुल लोगों में से 14 निजामुद्दीन मरकज में आयोजित तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे. नये मामलों में से भरतपुर, उदयपुर और धौलपुर में आए एक-एक मामले का संबंध तबलीगी जमात के कार्यक्रम से है.
राज्य के कुल 131 पॉजिटिव मामलों में 18 वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें ईरान से लाकर यहां रखा गया है.
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया, ‘‘राजधानी जयपुर के रामगंज इलाके में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सात नये मामले सामने आये हैं. सभी इलाके में संक्रमित पाये गये पहले व्यक्ति के सम्पर्क में थे.’’
इस बीच जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस से संक्रमित बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गयी है, वह पहले से बीमार थे. अलवर निवासी 85 वर्षीय सोहनलाल को 31 मार्च को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
वह मस्तिष्काघात व लकवे से पीड़ित थे. जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई.
इसे भी पढ़ेंः #Corona मरीज का नाम-पता शेयर कर फंसे ग्रुप एडमिन, बिहार के बेगूसराय में तीन के खिलाफ एफआइआर दर्ज
मोदी शुक्रवार को सुबह लोगों से वीडियो संदेश साझा करेंगे
नयी दिल्ली से खबर है कि कोरोना वायरस के मद्देनजर देशव्यापी लॉककडाउन के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को सुबह देश के लोगों के साथ वीडियो संदेश साझा करेंगे.
मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ कल सुबह 9 बजे देशवासियों के साथ मैं एक वीडियो संदेश साझा करूंगा.’’ प्रधानमंत्री ने हालांकि अपने ट्वीट में यह नहीं बताया कि उनके वीडियो संदेश का विषय क्या होगा .
मोदी ने गुरूवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये देश के मुख्यमंत्रियों के साथ कोविड-19 के विषय पर संवाद किया .
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के कारण मृतकों की संख्या 50 हो गई है जबकि इससे संक्रमित लोगों का आंकड़ा 1965 हो गया है.
इसे भी पढ़ेंः #Coronavirus से जान गंवाने वाले मुस्लिम शख्स को कब्रिस्तान ने दफनाने से मना किया, जलाया गया




