
Lohardaga: रघुवर सरकार स्कूल बंद कर, दारु दुकान खोल रही है. झारखंड सरकार आदिवासियों की जमीन लूटने के लिए भूमि अधिग्रहण बिल लायी है. यह बातें लोहरदगा परिसदन में सोमवार को पूर्व मंत्री सह झाविमो के दक्षिणी छोटानागपुर के प्रभारी बंधु तिर्की ने कही. उन्होंने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट कानून में छेड़-छाड़ और सरना-ईसाई को लड़ाने के लिए धर्मांतरण बिल लाया गया है. भाजपा ने जनता से जो वादा किया था उसे पूरा करने के लिए विफल साबित हुई है. इसलिए इस तरह के मुद्दे को लाकर लोगों का ध्यान भटकाने का काम कर रही है.
इसे भी पढ़ेंः JVM नेता की हत्या के विरोध में धनबाद बंद, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
मुस्लिमों को डराया जा रहा
बंधु तिर्की झारखंड विकास मोर्चा लोहरदगा जिला कमिटी के पदाधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मुस्लिमों को गाय, तीन तलाक, मॉब लिंचिंग के नाम पर डराया जा रहा है. मुस्लिम समाज का जब भी कोई त्योहार आता है उनके बीच भय पैदा किया जाता है.
एससी-एसटी एक्ट को समाप्त करने, आरक्षण को समाप्त करने, संविधान बदलने, आदिवासी-मूलवासियों को प्राप्त संवैधानिक अधिकारों को पूर्णतया समाप्त करने पर भाजपा सरकार तुली हुयी है. इसके लिए एकजुट होकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना हैं.
इसे भी पढ़ें- भाजपा के अजय मारू ने किया सीएनटी एक्ट का उल्लंघन? जमीन ली प्रेस खोलने के लिए, बना दिया मॉल
जुमला बन कर रह गया भाजपा का वादा
बंधु तिर्की ने कहा भाजपा ने जो चुनाव पूर्व वादा किया था वह सिर्फ जुमला बन कर रह गया है. सालाना 2 करोड़ रोजगार का वादा किया गया था, क्या हुआ? नोटबंदी के बाद लाखों लोग बेरोजगार हो गये, सरकार गैस कनेक्शन बांटने का ढकोसला कर रही है. जो गैस पहले चार सौ में मिलती थी. आज साढ़े आठ सौ में मिलती है. किसी गरीब को गैस कनेक्शन मिल भी जाये तो वह इस महंगाई में दोबारा गैस भराने में असमर्थ हो जाता है. झारखंड विकास मोर्चा बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में लगातार सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आन्दोलनरत हैं.
इस अवसर पर दूसरे दलों को छोड़ कर आये सैकड़ों लोगों ने झारखंड विकास मोर्चा का दामन थामा. मौके पर मुख्य रूप से झाविमो के जिलाध्यक्ष पवन तिग्गा, बालमुकुंद लोहरा, पवन तिर्की, मुकेश कुमार सिंह, आशिक अंसारी, चंदन कुमार, भंडारी उरांव, मो परवेज, नकुल उरांव, छोटू उरांव, जय श्री उरांव, सुनीता उरांव, नसीम मिरदाहा, राजिक अंसारी, प्रदीप उरांव आदि लोग उपस्थित थे.




