
Chakradharpur : 106 बटालियन रैपिड एक्शन फोर्स और चक्रधरपुर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया. यह कमांडेंट डॉ निशीत कुमार के दिशा-निर्देश में उप कमांडेंट प्रकाश चंद्र बादल के नेतृत्व में थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार थाना और उनकी टीम के साथ चलाया गया. इस स्वच्छता अभियान की शुरुआत हनुमान मंदिर नयी बस स्टैंड से की गयी. जो कि जीईएल चर्च, भगत सिंह चौक, टाउन काली मंदिर, भगत सिंह चौक, पवन चौक, बड़ी मस्जिद होते हुए बाटा चौक तक गई. इस दौरान प्रकाश चंद्र बादल द्वारा समाज के हर वर्गो के लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता किसी भी विकसित समाज का एक महत्वपूर्ण आयाम होता है इसे नजरअंदाज करना स्वयं के विकास के लिए घातक है. उम्हीने कहा कि कोई व्यक्ति तभी पूर्णरूपेण सुरक्षित है जबतक की समाज मे शांति है और समाज मे शांति तभी स्थापित हो सकती है जब समाज के लोगों का मन स्वच्छ हो. मन का स्वच्छ रहने के लिए आस-पास का इलाका और माहौल स्वच्छ होना चाहिए इसलिये समाज मे शांति बनाए रखने हेतु स्वच्छता एक अत्यंत महत्वपूर्ण आयाम है इस दौरान चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि स्वच्छता तन, मन, समाज के साथ-साथ विचारों की भी होनी चाहिए. मन में आने वाले कुविचारों से मुक्ति पाने का स्वच्छता एक महत्वपूर्ण अस्त्र है. आज के इस स्वच्छता अभियान के समाप्ति के तुरंत बाद रैपिड एक्शन फ़ोर्स एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर एवं गांधी पार्क, रेलवे कॉलोनी में आम और कटहल जैसे फलदायी वृक्षों का रोपण करके पर्यावरण सुरक्षा का भी संदेश दिया. इस दौरान डॉ अंशुमान वर्मा, प्रभारी अनुमंडल अस्पताल, निरीक्षक एल बी सिंह, आरएएफ एवं निरीक्षक विक्रम सिंह, आरपीएफ उपस्थित रहे.




