
Ranchi : रांची विवि का कम्यूनिटी*रेडियो- रेडियो खांची बीते 10 साल से ऑनएयर नहीं हो पाया है. इसे 90.4 एफएम अलॉट कर दिया गया है. इससे पहले चार बार ऑनएयर करने की बात कही गयी थी. लेकिन अब बेसिक साइंस भवन में स्टूडियो के बनकर ट्रायल हो जाने के बाद भी इसे खोला नहीं जा सका है.
जानकारी के अनुसार, रेडियो का स्टूडियो तो बन चुका है. ट्रायल भी हो गया है, लेकिन रेडियो जॉकी सहित अन्य टेक्निकल लोगों की नियुक्ति नहीं होने की वजह से ऑनएयर नहीं किया जा रहा है. जबकि यह निर्णय वीसी डॉ रमेश पांडेय को लेना है. रेडियो खांची के डायरेक्टर डॉ आनंद ठाकुर ने बताया कि इसके ऑनएयर होने का निर्णय पूरी तरह से वीसी को लेना है.
इसे भी पढ़ें – जानिये उन संगीन आरोपों को जो बन सकते हैं रघुवर के लिए आफत, कानूनी पेंच में उलझ सकते हैं पूर्व सीएम
दिल्ली की कंपनी ने तैयार किया है सेटअप
रांची विवि के मोरहाबादी कैंपस के बेसिक साइंस बिल्डिंग में रेडियो खांची के स्टूडियो को बनाया गया है. इसकी ऑनएयर टेस्टिंग भी सफल रही है. इसके सेट अप को दिल्ली के ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी इंडिया लिमिटेड (बेसिल) ने तैयार की है. 76 लाख रुपये में तैयार किये गये स्टूडियो में रेडियो खांची की आवाज 90.4 एफएम पर 12 से 15 किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ेगी.
इसके एंटीना की ऊंचाई 30 मीटर है. इस कम्यूनिटी रेडियो के संचालन के लिए केंद्र सरकार से पांच वर्षों के लिए लाइसेंस भी मिल चुका है.
इसे भी पढ़ें – विनय चौबे का सीएम का प्रधान सचिव बनना तय, कार्मिक ने सुनील बर्णवाल समेत चुनाव आयोग भेजे तीन नाम
स्टूडेंट्स के लिए मददगार होगा रेडियो खांची
रेडियो खांची के निदेशक डॉ आनंद ठाकुर ने बताया कि रांची विवि के कम्यूनिटी रेडियो का सबसे बड़ा फायदा छात्र-छात्राओं को मिलेगा. अब विवि की सारी महत्वपूर्ण सूचनाएं रेडियो खांची से घर बैठे मिल जायेगी. अक्सर विद्यार्थियों को शिकायत रहती है कि सूचना नहीं मिलने के कारण परीक्षा शुरू होने या तिथि बदलने की जानकारी नहीं मिली और परीक्षा छूट गयी.
अब सूचना का एक अहम माध्यम रेडियो खांची भी हो जाने से एक हद तक ऐसी शिकायत दूर हो जायेगी. इस रेडियो ने एग्जाम ही नहीं विवि में होने वाली खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित कैंपस की अन्य सूचनाएं रेडियो खांची से मिलती रहेगी. इसके अलावा वैसे विद्यार्थी जिन्हें कला में रुचि है, उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का भी मौका मिलेगा.
साल 2009 में शुरू हुआ प्रोजेक्ट
वर्ष 2009 में रांची विवि में रेडियो खांची स्थापित करने की योजना बनी थी. उस समय डॉ. एए खान कुलपति थे. इसके बाद डॉ. एलएन भगत के समय में कार्य ठप रहा. अधिकारियों ने इसकी फाइल ही बंद कर दी. इसके बाद वर्तमान कुलपति डॉ. रमेश कुमार पांडेय ने अपने दूसरे कार्यकाल में रेडियो खांची के प्रति रुचि दिखाते हुए इसे पूरा कराया है.
इसे भी पढ़ें – शिक्षा मॉडल को लेकर AAP पर कांग्रेस का आरोप, कहा- बजट का 46% उपयोग करने में रही विफल




