
New Delhi : ब्रिटेन में महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर मंगलवार की रात लंदन में राजनिवास बकिंघम पैलेस पहुँच गया. लंदन में बुधवार को उनके ताबूत को एक यात्रा या जुलूस की शक्ल में वेस्टमिंस्टर हॉल ले जाया जाएगा. पाँच दिन बाद 19 सितंबर को राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी. महारानी के ताबूत को लेकर बकिंघम पैलेस से भारतीय समयानुसार रात लगभग 7:52 बजे यात्रा शुरू होगी. लगभग आधे घंटे बाद 8:30 बजे इसके वेस्टमिंस्टर हॉल पहुँच जाने का अनुमान है.जुलूस के वेस्टमिंस्टर हॉल पहुंचने के बाद चर्च ऑफ़ इंग्लैंड के आर्चबिशप ऑफ़ केंटरबरी लगभग 20 मिनट तक रस्म अदा करेंगे. वेस्टमिंस्टर हॉल में महारानी का पार्थिव शरीर चार दिनों तक लाई-इन-स्टेट में रहेगा. यानी इस दौरान ताबूत को अंतिम संस्कार से पहले अंतिम दर्शन के लिए खुले में रखा जाएगा. आम लोग बुधवार रात 10:30 बजे से 19 सितंबर की दोपहर 12:00 बजे तक यहां महारानी के अंतिम दर्शन कर सकेंगे.

जुलूस में राजपरिवार के सदस्य रहेंगे मौजूद
जुलूस में किंग चार्ल्स और उनके दोनों बेटे – प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी – महारानी के ताबूत के पीछे-पीछे बकिंघम पैलेस से वेस्टमिंस्टर हॉल तक पैदल चलेंगे. किंग चार्ल्स के तीन भाई-बहन – प्रिंसेज़ ऐन, प्रिंस एंड्र्यू और प्रिंस एडवर्ड भी जुलूस में पैदल चलेंगे. किंग चार्ल्स की पत्नी, क्वीन कॉन्सोर्ट कैमिला और प्रिंस विलियम की पत्नी, प्रिंसेज़ ऑफ़ वेल्स कैथरीन कार से जुलूस में जाएँगी. प्रिंस हैरी की पत्नी, डचेस ऑफ़ ससेक्स मेघन और काउंटेस ऑफ़ वेसेक्स सोफ़ी भी कार में होंगी.




