
Ranchi: बुधवार को झारखंड मोटर फेडरेशन ने तीन घंटे की बंदी कर नई यातायात व्यस्था का विरोध किया. फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष ललित नारायण ओझा ने कहा कि गरीब के घर चूल्हा नहीं जलेगा तो पूरी राजधानी को बंद करेंगे. गरीबों के पेट पर लात मारने वाले कानून का हम सभी विरोध करते हैं. साथ ही साथ जल्द निर्णय न होने की स्थिति में सभी संगठन को साथ लेकर बड़े आंदोलन का रुख करेंगे. रविवार तक जिला प्रशासन, रांची नो एंट्री की पुरानी समय सारिणी को प्रभावी करे नहीं तो राजधानी के पच्चीस हजार घरों में चूल्हा जलने पर भी संकट आ जाएगा. टेंपो, ठेला और लघु भार वाहनों में कार्य करने वाले रोजाना काम करके अपने परिवार का भरन पोषण करते हैं. इनको न्याय मिलने तक आंदोलन चलता रहेगा. सभी समान विचार धारा के संगठन के साथ हम लोग इस आंदोलन को जारी रखेंगे. रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष ऋषि देव यादव ने कहा कि हम सभी संगठन मिलकर इस आंदोलन को मंजिल तक ले कर जाएंगे. झारखंड मोटर फेडरेशन के महामंत्री सुनील सिंह चौहान ने कहा कि बिना संगठनों से विचार किए इस तरह के निर्णय गरीब और व्यापार विरोधी हैं. जालान रोड व्यवसाय समिति के बिंदुल वर्मा ने कहा कि हम सभी झारखंड मोटर फेडरेशन एवं अन्य संस्थानों के साथ मिलकर इस आंदोलन में गरीबों के लिए लड़ाई लड़ेंगे. आर जी टी ए के ऋषिदेव यादव (अध्यक्ष), धीरज ग्रोवर (सचिव), सुनील सिंह चौहान, संजय जैन, पवन शर्मा, सुनील माथुर, दीपक सिंह, प्रभाकर सिंह, रवींद्र दुबे, रत्नेश सिंह, उदय सिंह , श्याम लाल अग्रवाल विनय सिंह, रंजीत तिवारी, संजीव अग्रवाल के साथ ही झारखंड मिनी ट्रक ऑनर एसोसिएशन के रवींद्र सिंह, अरविंद सिंह, मनीष शर्मा, प्रकाश राय भी बंदी कार्यक्रम में शामिल हुए.




