
Katihar: मेयर शिवराज पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गुरुवार की रात बाइक सवार हमलावरों ने काफी नजदीक से उनके सीने में गोलियां मारी है. फिलहाल घटना की वजहों के बारे में पता नहीं चल सका है. वारदात को उनके वार्ड संतोषी कॉलोनी में ही अंजाम दिया गया.
इसे भी पढ़ें : शीशे की अदालत में पत्थर की गवाही
जानकारी के मुताबिक मेयर देर शाम एक मामले की पंचायत कर बाइक से घर की ओर लौट रहे थे. इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र के सन्तोषी चौक रेलवे गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने मेयर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. सीने में तीन गोली लगने से मेयर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. वहीं, घटना के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए.
घायल मेयर को तत्काल कटिहार मेडिकल कॉलेज लाया गया. जहां उनकी मौत हो गई. कहा जा रहा है कि सीने में तीन गोलियां लगने के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
कटिहार के मेयर की हत्या को लेकर चिराग पासवान ने कहा, ”शिवराज पासवान की हत्या का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं. 17 जुलाई 2021 को ‘आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान उनसे कटिहार में मुलाकात हुई थी. वह बेहद ही सरल स्वभाव के व्यक्ति थे. मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं.”
दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ खड़ा हूँ। यह घटना सुशासन के दावों की पोल खोलती है। प्रशासन से यह मांग करता हूँ कि जल्द से जल्द दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
।।ॐ शांति।।— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) July 29, 2021
चिराग ने फिर एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा “दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ खड़ा हूँ. यह घटना सुशासन के दावों की पोल खोलती है. प्रशासन से यह मांग करता हूँ कि जल्द से जल्द दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.”
डीएम उदयन मिश्रा ने मीडिया से कहा कि मंदिर से जाते समय उन पर हमला हुआ. उनको बॉडीगार्ड भी मिला था. घटना के वक्त वो उनके साथ नहीं था. मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे संतोषी चौक मोहल्ला और ड्राइवर टोला में कोहराम मच गया है. सैकड़ों की संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे. मेयर जमीन की खरीद बिक्री के कारोबार से भी जुड़े थे. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है. निवर्तमान मेयर विजय सिंह के बरारी से विधायक निर्वाचित होने के बाद शिवराज पासवान नगर निगम के मेयर निर्वाचित हुए थे.




