
Ranchi : मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने राज्य के सरकारी स्कूलों में संचालित मिड डे मिल (मध्याह्न भोजन) योजना का सोशल ऑडिट (सामाजिक अंकेक्षण) कराने का निर्णय लिया है. इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. बीते साल कोविड की वजह से सोशल ऑडिट नहीं हो पाया था. इस वर्ष सात हज़ार स्कूलों में यह ऑडिट होगा. ऑडिट का काम इसी महीने से शुरू कर दिया जायेगा. साल 2021-22 के लिए इन स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के सोशल ऑडिट को लेकर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है.
सोशल ऑडिट प्रक्रिया में हुआ बदलाव
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार बीते वर्ष स्कूलों में मध्याह्न भोजन नहीं दिया जा सका था. ऐसे में सोशल ऑडिट को लेकर तैयार किये गये प्रारूप में भी बदलाव किया गया है. सोशल ऑडिट में मध्याह्न भोजन के चावल व कुकिंग कास्ट की राशि के वितरण, वितरण की प्रक्रिया, स्कूलों में मध्याह्न भोजन बंद होने की स्थिति में बच्चों को स्वास्थ्य संबंधित समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ा. इन सब की जानकारी ली जायेगी. इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी ली जायेगी.
यह भी हुआ है तय
बताते चलें की सोशल ऑडिट को लेकर जो निर्णय लिया गया है उसमें कहा गया है कि स्कूल लेबल पर सोशल ऑडिट में अगर पूरी प्रक्रिया का पालन ठीक पाया गया, तो प्रखंड स्तरीय सुनवाई नहीं होगी. विद्यालय स्तर पर विसंगति पाये जाने पर उसे तय समय के अंदर ठीक करने को कहा जायेगा. विद्यालय द्वारा निर्देश का अनुपालन नहीं करने पर प्रखंड स्तरीय सुनवाई होगी. इसके अलावा आवश्यकता के अनुरूप जिला व फिर राज्य स्तर पर सुनवाई की जाती है.
वर्ष 2018-19 में शुरू हुआ था ऑडिट
राज्य में मध्याह्न भोजन योजना के सोशल ऑडिट का कार्य वर्ष 2018-19 में शुरू हुआ था. तब 1298 स्कूलों में सोशल ऑडिट कार्य किया गया था. वर्ष 2019-20 में 4855 स्कूलों में सोशल ऑडिट हुआ था. 2020-21 में पांच हजार स्कूलों का चयन हुआ था, पर कोविड के कारण अंकेक्षण का कार्य पूरा नहीं हो सका था. प्रक्रिया को बीच में ही रोक दी गयी थी.




